रतलाम । जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सांसद श्री गुमानसिंह डामोर की अध्यक्षता में 10 मार्च को संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत प्रधान श्री परमेश मईडा, श्री राजेंद्रसिंह लुनेरा, श्री श्याम सुंदर शर्मा, कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, एसपी श्री अभिषेक तिवारी, अपर कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, श्रीमती संगीता चारेल, पूर्व महापौर श्री शैलेंद्र डागा, श्री प्रदीप चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी, सीएसपी श्री हेमंत चौहान आदि उपस्थित थे। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी द्वारा एजेंडे पर जानकारी दी गई।
बैठक में सड़कों तथा हाईवे पर ब्लैक स्पॉट की चर्चा करते हुए सांसद श्री गुमानसिंह डामोर द्वारा लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई को निर्देशित किया गया कि सघन सर्वे करते हुए ब्लैक स्पॉट चिन्हित करके निराकरण किया जाए ताकि दुर्घटना से जीवन सुरक्षित रहे। बैठक में बताया गया कि शहर में यातायात सिग्नल दो बत्ती तथा सैलाना बस स्टैंड पर है किंतु वर्तमान में खराब है। दोनों को सुधारने की आवश्यकता है एवं अन्य व्यस्त ही स्थानों पर सिग्नल लगाए जाने की भी आवश्यकता बताई गई। शहर में थाना माणकचौक, दीनदयाल नगर क्षेत्रों में विशेष तौर पर अतिक्रमण किया जाकर दुकानदारों द्वारा आगे बढ़कर पार्किंग क्षेत्र में सामान फैलाया गया है तथा दुकानदारों द्वारा अपने दोपहिया, चार पहिया वाहनों को स्थाई रूप से दुकानों के सामने पार्किंग क्षेत्र में लगाया गया है, इससे आवागमन में परेशानी है तथा जाम की स्थिति बनती है।
शहर में लोगों द्वारा सब्जियों का विक्रय रोड किनारे बैठकर किया जा रहा है जिससे आवाजाही में परेशानी होती है। सब्जी मार्केट के लिए पृथक से स्थलों का चयन कर सब्जी मार्केट के रूप में विकसित किया जाना उचित होगा। इसके अलावा यातायात संकेतक बोर्ड की कमी बताई गई। संकेतक बोर्ड लग जाने से लोगों को शहर में स्थानों को खोजने में सुविधा होगी, यातायात कम बाधित होगा। शहर के मुख्य चौराहों पर हाईमास्ट लाइट लगाई जाएगी। मुख्य सड़कों पर स्थाई डिवाइडर की आवश्यकता बताई गई। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश का समय निर्धारित करना, वाहन के लोडिंग अनलोडिंग स्थान तय करने, नो व्हीकल जोन तथा वन-वे आदि पर चर्चा की गई। सांसद श्री डामोर ने निर्देश दिए कि आगामी बैठक में विस्तृत रूप से बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।