कलेक्टर ने कल्याणकारी योजनाओं के लक्ष्य 28 मार्च के पूर्व अर्जित करने के बैंकर्स को दिए निर्देश

बैठक लेकर प्रगति की समीक्षा की

रतलाम । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लक्ष्य की पूर्ति आगामी 28 मार्च के पूर्व सुनिश्चित करें। लक्ष्य पूर्ति में जो बैंकर्स असहयोग करेंगे उनके साथ प्रशासन द्वारा भी असहयोग किया जाएगा। यह निर्देश कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा बैंकों की जिला समन्वय समिति की बैठक में दिए गए। बुधवार को आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े तथा अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर द्वारा जिले के अग्रणी बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा द्वारा कार्य नहीं किए जाने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने कहा कि अग्रणी बैंक होकर कार्य नहीं कर रहे अन्य बैंक कैसे प्रेरित होंगे। कलेक्टर ने सभी बैंकर्स को चेतावनी दी कि यदि 28 मार्च के पूर्व लक्ष्य अर्जित नहीं किया तो शासकीय अधिकारी अपने सभी हितग्राहियों के साथ मार्च की 29, 30, 31 तारीखों को बैंक शाखाओं में पहुंचेंगे। कलेक्टर ने निगमायुक्त को भी तेजी से कार्य करने की ताकीद की। कलेक्टर ने कहा कि नगर निगम का मात्र 60 प्रतिशत लक्ष्य अर्जित हुआ है, इससे स्पष्ट होता है कि कार्य में ढिलाई बरती जा रही है।
कलेक्टर द्वारा आगामी दिनों आयोजित होने वाले रोजगार दिवस के दृष्टिगत प्रधानमंत्री स्व निधि योजना, मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना तथा स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज की विशेष रूप से समीक्षा बैठक में की गई।

Play sound