कलेक्टर ने नगरीय तथा पंचायत निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की

रतलाम । कलेक्टर तथा जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा जिले में नगरीय तथा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक में की गई बुधवार शाम आयोजित बैठक में कलेक्टर द्वारा सभी आवश्यक बिंदुओं पर समय सीमा में कार्रवाई के लिए एसडीएम तथा तहसीलदारों को निर्देशित किया गया। अपर कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य, अपर कलेक्टर श्री अभिषेक गहलोत, एसडीएम श्री संजीव पांडे, सुश्री कृतिका भीमावद तथा तहसीलदार, नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
कलेक्टर द्वारा बताया गया कि मतदान केंद्रों की तैयारी सबसे महत्वपूर्ण है, मतदान केंद्रों में कोई त्रुटि नहीं रहे। मतदाता को मतदान केंद्र तक आने में कोई दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े। पहुंच मार्ग अच्छा हो, मतदान केंद्र का भवन अच्छी हालत में हो। वर्षा के मद्देनजर पानी के रिसाव की समस्या नहीं आए। बिजली, साफ सफाई इत्यादि व्यवस्थाएं दुरुस्त हो। मतदान केंद्र तक पहुंचने का रूट सहज हो, युक्तियुक्त ढंग से रूट निर्धारण किया जाए। सुरक्षित निर्भीक मतदान की व्यवस्था हो। नगरीय निकाय में ईवीएम मैनेजमेंट, स्ट्रांग रूम निर्माण, मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण, कोलाहल नियंत्रण अधिनियम धारा 144 प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के संबंध में भी विस्तृत दिशा निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए। आचार संहिता का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एम.एल. आर्य ने भी अधिकारियों को निर्वाचन के संदर्भ में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न बिंदुओं पर समझाईश दी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी समय सीमा में अपनी तैयारी रखें।

Play sound