रतलाम । त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन एवं नगरीय निकाय निर्वाचन के संबंध में मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र सूर्यवंशी के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित थे। अपर कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य, एसडीएम रतलाम ग्रामीण सुश्री कृतिका भीमावद की उपस्थिति में आयोजित इस प्रशिक्षण में डा.सुरेश कटारिया एवं डॉ लक्ष्मण परवाल ने मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतदान दलों का जनपद एवं निकाय स्तरीय प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम अनुसार दिया जाना है। मास्टर ट्रेनर इस बात का ध्यान रखेंगे कि प्रत्येक मतदान दलों में सम्मिलित प्रत्येक मतदानकर्मी को उसके दायित्व से संबंधित संपूर्ण जानकारी प्रदान की जाए। उसके मन में किसी तरह का संशय नहीं रहे। वर्षाकाल के दौरान निर्वाचन होना है, इसलिए मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विशेष सावधानियां बरतने के संबंध में भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। इस दौरान उपस्थित मास्टर ट्रेनर्स की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।