‘आओ चलो ,हम सब मिलकर मतदान करें’ नाट्य प्रस्तुति से किया मतदाताओं को जागरूक

रतलाम । मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु जिला स्तरीय सेंस अभियान के तहत विशेष कार्य योजना बनाकर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को नाट्य प्रस्तुति के साथ शिक्षकों ने मतदाताओं से मतदान के प्रति जागरूकता की अपील की।
साहित्यकार श्री आशीष दशोत्तर द्वारा लिखित नाटक “समझें अपने मत का मोल” नाट्य प्रस्तुति शिक्षकों द्वारा दी गई। इस नाटक में युवाओं द्वारा आम जनता में मतदाता के प्रति जागरूकता बढ़ाने को प्रदर्शित किया गया है। नाटक में बड़े रोचक ढंग से संवादों की प्रस्तुति शिक्षकों ने की। नाटक में गीत के माध्यम से की गई अपील में कहा गया कि “सबसे पहले, सबसे अच्छा काम करें, आओ चलो, हम सब मिलकर मतदान करें एक-एक मत की है क़ीमत हर मत की है आभा। एक मत से ही मिलती है लोकतंत्र को आशा । लोकतंत्र पर अपने हम अभिमान करें ,अपना है अधिकार चलो मतदान करें ।” नाट्य प्रस्तुति के दौरान उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत, सेंस प्लान के सदस्य एवं शिक्षक गण मौजूद थे।

Play sound