मलेरिया नियंत्रण के संबंध में बैठक आयोजित की गई
रतलाम । नगर निगम रतलाम शहर में सफाई के कार्य में तेजी लाएं, शहर साफ सुथरा दिखना चाहिए लेकिन अभी ऐसा नजर नहीं आ रहा है। गड्ढों की सफाई, नालों की सफाई नहीं होने से मलेरिया फैलता है, लोग बीमार होते हैं। नगर निगम नियोजित ढंग से योजना बनाकर सफाई कार्य करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी ने मंगलवार को संपन्न मलेरिया नियंत्रण संबंधी बैठक में दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, निगमायुक्त श्री सोमनाथ झारिया, कार्यपालन यंत्री श्री जी.के. जायसवाल, स्वास्थ्य अधिकारी श्री ए.पी. सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी श्री प्रमोद प्रजापति, श्री गौरव बोरीवाल आदि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वित सहयोग करें ताकि मलेरिया नियंत्रित रखा जा सके। बताया गया कि वर्तमान में मलेरिया के मामले में जिले की सुरक्षित स्थिति है। जनवरी से लेकर अब तक इस वर्ष में मात्र एक मलेरिया केस सामने आया है। विभाग ने बताया कि 16 जून से जिले के उन ग्रामों में दवाई का सघन छिड़काव कार्यक्रम हाथ में लिया जा रहा है जहां विगत कुछ महीनों पूर्व मलेरिया के केस देखने में आए थे। ऐसे चिन्हित ग्रामों की संख्या 12 है।
कलेक्टर ने इस बात पर जोर दिया कि शहर में मलेरिया अथवा डेंगू जैसी बीमारियों की रोकथाम में नगर निगम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि नगर निगम ठीक ढंग से कार्य करेगा तो शहर में गंदगी की समस्या नहीं होगी और बीमारियां उत्पन्न नहीं होंगी। कलेक्टर ने सख्ती से निगमायुक्त को निर्देशित किया कि इस दिशा में ठोस कार्य होना चाहिए
बैठक में मलेरिया नियंत्रण के लिए निर्माण विभागों के कार्य स्थलों पर मलेरिया से बचाव के बारे में जानकारी दी गई और संबंधित विभागों को अपने कार्य दायित्व के निर्वाह हेतु कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया। निर्माण विभाग में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण, विभाग जल संसाधन शामिल है।