कमलनाथजी ने लोकतंत्र और जनता का अपमान किया-मुख्यमंत्री श्री चौहान

रतलाम,09 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने रतलाम की हवाई पटटी पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के मतदान नहीं करने पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है। उन्हें आश्चर्य है कि कांग्रेस के सबसे बडे़ नेता, जो मुख्यमंत्री रह चुके है और जो कांग्रेस के अध्यक्ष है, वह जनता से कहते है कि वोट डालो, कांग्रेस को वोट डालो, लेकिन उन्होने खुद ही कांग्रेस को वोट नहीं दिया। कमलनाथ जी ने चुनाव में मतदान ही नहीं किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मीडिया से चर्चा में कहा कि वे कमलनाथ जी से पूछना चाहते है कि क्या वोट डालना जनता का काम है, गरीबों का, किसानों का, नौजवान, माताओं, बहनों का काम है, वे सब वोट डाले और राज आप करो। वे अपने आप को इतना बड़ा समझते है कि वोट जैसे काम से उनका कुछ लेना देना नहीं है। यह लोकतंत्र का भी अपमान है और जनता का भी अपमान है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे सपरिवार वोट डालने गए थे। जबकि गांव में उनके यहां निर्विरोध पंचायत और निर्विरोध जनपद आई, केवल जिला पंचायत का एक वोट करना था। हम लोगों से कहते है वोट डालों और हम खुद ही वोट नहीं डाले, ये कहां लोकतंत्र का सम्मान है। श्री चौहान के अनुसार कमलनाथ का कांग्रेस पर भी भरोसा नहीं है और लोकतंत्र पर भी भरोसा नहीं है।