अंतिम दौर के प्रचार में शुरू किया जनसंवाद
रतलाम। नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने समाज, संगठनों और मोहल्लों में जाकर जनसंवाद किया। उन्होंने कहा कि वे आमजन की उम्मीदों को पूरा करेंगें। विधायक चेतन्य काश्यप के साथ मिलकर रतलाम को नगर से महानगर बनाएंगे। मानदेय की राशि जरूरतमंद मैधावी छात्राओं की शिक्षा पूर्ण करने में लगाएंगे। भाजपा के संकल्प पत्र में लिए गए हर संकल्प का क्रियान्वयन किया जाएगा।
महापौर प्रत्याशी श्री पटेल का हिन्दू जागरण मंच द्वारा टाटा नगर एवं त्रिनेत्र अखाडा परिवार ने बुद्धेश्वर हॉल में स्वागत-सम्मान किया। वे कोली समाज के सदस्यों से मिले और जनसमर्थन मांगा। बंजारा बस्ती में जनसंवाद करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जिन उम्मीदों से उन्हेें महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है, उन्हें पूरा कर जनसेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इससे पूर्व श्री पटेल शिवनगरवासियों से भी रूबरू हुए और उन्हें शासन की योजनाओं से मिले लाभों की जानकारी देते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया। श्री पटेल ने नागरवास में जनसंपर्क कर मतदाताओं से आशीर्वाद लिया।