- झील रेन वियर की भूमि चिन्हांकित, जल्द पूर्ण होगी आवंटन प्रक्रिया
- विधायक श्री काश्यप से मिले कंपनी के प्रबंध संचालक श्री त्रिवेदी

रतलाम 5 अगस्त 2022। 8 लेन एक्सप्रेस हाई-वे के समीप रतलाम में विकसित होने वाले विशेष निवेश क्षेत्र औद्योगिक निवेश की शुरूआत होने जा रही है। रेनकोट एवं ठण्ड के कपड़ों का प्रतिष्ठित ब्रांड झील रेन वियर का विशेष निवेश क्षेत्र में 250 करोड़ रूपए का निवेश करने हेतु मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम से 50 हेक्टर भूमि चिन्हांकित कर दी है। इसके आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूर्ण हो जाएगी। कंपनी के चेयरमेन दीनबंधु त्रिवेदी एवं प्रकाश सोनी ने रतलाम आकर विधायक चेतन्य काश्यप से मुलाकात की। श्री काश्यप ने भूमि आवंटन जल्द करने हेतु एम.पी.आई.डी.सी. के कार्यकारी संचालक रोहन सक्सेना से दूरभाष पर चर्चा की।
झील रेन वियर के श्री त्रिवेदी ने कहा कि उनकी कंपनी विभिन्न चरणों में रतलाम निवेश क्षेत्र में 250 करोड़ रूपए का निवेश करेगी। प्रथम चरण में 100 करोड़ रूपए का निवेश होगा। इससे 3 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। कंपनी अपनी इकाई में उत्पादन आरंभ करने से पूर्व स्थानीय लोगों को 3 माह का प्रशिक्षण देगी। जिसके तहत रेनकोट एवं ठण्ड से संबंधित कपड़ों को सीलने तथा वेल्डिंग संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। कंपनी की वर्तमान में महाराष्ट्र भिवण्डी, वसई एवं डुंगरपुर में इकाईयां संचालित हो रही है। चर्चा के दौरान एम.पी.आई.डी.सी. के कार्यपालन यंत्री एस.के. जैन, सहायक यंत्री प्रवीणेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे।