उत्तम क्षमा महापर्व में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान
इन्दौर । मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज इंदौर में इतवारिया बाज़ार में जैन समाज के उत्तम क्षमा महापर्व में शामिल हुए। उन्होंने यहाँ ससंघ विराजित मुनि आदित्य सागर जी महाराज और पूर्णमति माताजी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने माताजी के उपदेशों का ज़मीन में बैठकर श्रवण भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि क्षमा वीरों का आभूषण है। समस्त विश्व क्षमा भाव अपनाए तो धरती की सभी समस्याएं हल हो सकती हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जो दूसरों को जीतता है, वह वीर होता है। और स्वयं को जीते वह महावीर होता है। उन्होंने कहा कि अहंकार को हराना स्वयं को जीतने के समान है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उत्तम क्षमा महापर्व के अवसर पर समस्त प्रदेश वासियों से मनसा-वाचा-कर्मणा जाने अनजाने में हुई गलतियों के लिए क्षमा भी माँगी। जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, सांसद श्री शंकर लालवानी एवं अन्य विधायक गण महापौर पुष्यमित्र भार्गव इंदौर विकास बाद प्राधिकरण के चेयरमैन श्री जयपाल सिंह चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जैन समाज के पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।