अस्पताल पहुंचकर कलेक्टर-एसपी ने घायलों के हालचाल जाने
रतलाम । जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बायड़ी में मंगलवार प्रातः ग्रामीणों के दो समूहों के मध्य पशुओं की चराई को लेकर हुए आपसी संघर्ष में घायल व्यक्तियों को जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व तथा पुलिस विभाग का अमला तत्काल मौके पर पहुंचा तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना की जानकारी पर कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी भी ग्राम बॉयडी पहुंचे, ग्रामीणों से चर्चा की। वहां मौजूद पुलिस तथा राजस्व अमले से जानकारी प्राप्त की, आवश्यक दिशा निर्देश दिए। गांव में शांति स्थापित है। पुलिस तथा राजस्व अमला तैनात किया गया। इसके पूर्व कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक जिला चिकित्सालय में भर्ती घायलों के हाल-चाल जानने वार्ड में पहुंचे, उनके परिजनों से चर्चा की। चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली, उनका बेहतर से बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि घटना को तत्काल नियंत्रित करने में राजस्व तथा पुलिस अमले द्वारा सराहनीय कार्य किया गया। प्रभारी सिविल सर्जन डॉक्टर निर्मल जैन द्वारा रविवार शाम 5:30 बजे चर्चा में बताया गया कि जिला चिकित्सालय में 16 घायल भर्ती है, उनके स्वास्थ्य की स्थिति सामान्य है।