ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की गई, बैठक में कलेक्टर द्वारा की गई समीक्षा
रतलाम 14 सितम्बर 2022/ जल जीवन मिशन के तहत रतलाम जिले में 378 योजनाओं की स्वीकृति है इनमें से 145 की योजनाओं का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 120 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित भी कर दी गई है। इसके अलावा 222 योजनाएं प्रगतिरत है, 111 में कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। उक्त जानकारी कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा की गई जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान दी गई। बैठक में प्रभारी कार्यपालन यंत्री श्री एस.आर. मईडा, एसडीएम श्री संजीव पांडे, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन श्री पी.के. खरत आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान इस बात पर सख्त नाराजगी व्यक्त की कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 111 अप्रारंभ योजनाओं को शुरू किए जाने के लिए तेजी से कार्रवाई नहीं की जा रही है, टेंडर प्रक्रिया में भी धीमी गति से कार्य किया जा रहा है। बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले के वन 667 स्कूलों में नल कनेक्शन स्थापित किए गए हैं, इनमें से 1 554 में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 1060 आंगनबाड़ियों में नल कनेक्शन किया जा रहा है। अभी 97 आंगनबाड़ियों में कार्य बचा है, शेष सभी आंगनवाडियो में नल कनेक्शन कर दिए गए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि जिला शिक्षा विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी कि उनके स्कूलों तथा आंगनबाड़ियों में संतुष्टिपूर्वक कार्य पूर्ण हुआ है अथवा नहीं। कलेक्टर द्वारा सेमलिया तथा आलोट नल जल योजनाओं के क्रियान्वयन में शिकायतों के संदर्भ में फाइल प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा की। बिबड़ोद तालाब के बारे में बताया गया कि 837 लाख रुपए लागत के तालाब का कार्य वन भूमि प्रभावित होने के कारण आरंभ नहीं हो सका है। जिले में आडवानिया, धबाईपाड़ा, भानपुर, पलसोडी तथा हडका तालाबों का कार्य प्रगति पर है। जिले के गेनी चीरा खदान तथा अलीगढ़ तालाबों का निर्माण वर्षा सीजन के पश्चात किए जाने की योजना है।
इसी प्रकार जानकारी दी गई कि जिले के मादलिया घाट,. रावडी वाला नाला, कुआंझागर, बंबोरी, पुनियाखेड़ी, घटवास तालाबों की भी शासन द्वारा स्वीकृति प्राप्त है। जिले की जिन तालाब योजनाओं के निर्माण में वन भूमि की एनओसी प्राप्त की जाना है, उस संबंध में कलेक्टर द्वारा कार्यपालन यंत्री श्री खरत को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में वन विभाग के प्रमुख सचिव तथा कमिश्नर उज्जैन संभाग आदि को पत्र भेजने के लिए कलेक्टर द्वारा कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया गया। पलसोडी तथा धबाईपाड़ा तालाब की भूमि अर्जन के संबंध में की गई देरी पर कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री के विरुद्ध सख्त नाराजगी जताई। इस संबंध में पाया गया कि भूमि अर्जन के संबंध में सूचना के प्रकाशन में अनावश्यक विलंब किया गया है।
जल निगम के कार्यपालन यंत्री भी बैठक में उपस्थित थे। उनके द्वारा गुणावद योजना तथा गांधीसागर से जलापूर्ति योजनाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि गांधी सागर डैम से जिले के आलोट विकासखंड के 191 ग्रामों तथा आलोट एवं ताल नगरों को जलापूर्ति की योजना है। योजना का कार्य अभी प्रारंभिक चरण में है जबकि गुणावद योजना में 14 ग्रामों को जल उपलब्ध कराया जाएगा। योजना पूर्णता की स्थिति में है। बताया गया कि रतलाम जिले के 497 ग्रामों को सरफेस वाटर से जल उपलब्धता के लिए योजनाओं का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है।