महापौर श्री पटेल ने निःशुल्क पार्किंग हेतु किया स्थलों का चयन
रतलाम । दीपावली पर्व पर व्यावसायिक क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने हेतु महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने महापौर परिषद सदस्य, यातायात डीएसपी व निगम अधिकारियों के साथ व्यावसायिक क्षेत्रों का निरीक्षण निःशुल्क वाहन पार्किंग हेतु स्थलों का चयन किया।
दीपावली पर्व पर व्यावसायिक क्षेत्रों में खरीददारी करने आने वाले नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा ना हो इस हेतु महापौर माननीय श्री पटेल ने व्यावसायिक क्षेत्रों का निरीक्षण कर दो पहिया व चार पहिया वाहनों की निःशुल्क पार्किंग हेतु स्थलो का चयन किया। जिसके तहत डॉ0 देवीसिंह की गली डालूमोदी बाजार व आजाद चौक दो पहिया वाहन पार्किंग किये जायेगें तथा चार पहिया व दो पहिया वाहन सुतारो का वास ईदगाह रोड व काशीनाथ के नोहरे में पार्किंग किये जायेंगे। आवश्यकता पड़ने पर महारानी लक्षमीबाई स्कूल, कोठारीवास, माणक चौक स्कूल, किरण टॉकिज व नाहरपुरा उर्दू स्कूल प्रस्तावित किये गये।
महापौर श्री पटेल ने इस अवसर पर उक्त पार्किंग स्थलों पर साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्था, वाहन पार्किंग स्थल के दिशा सूचक फ्लेक्स लगाने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिये।
इस अवसर पर यातायात एवं परिवहन समिति प्रभारी श्रीमती सपना त्रिपाठी, राजस्व समिति प्रभारी श्री दिलीप गांधी, सामान्य प्रषासन समिति प्रभारी श्री धर्मेन्द्र व्यास (गुड्डू भैय्या), पार्षद प्रतिनिधि श्री गौरव त्रिपाठी, सहायक यंत्री श्री राजेन्द्र मिश्रा, राजस्व निरीक्षक श्री सुनील कपूर आदि उपस्थित थे।