लोकनायक संत स्व जैन दिवाकर श्री चौथमल म.सा. की 145 वीं जयंती पर होंगे तीन दिवसीय कार्यक्रम

निम्बाहेड़ा। लोकनायक संत स्व. जैन दिवाकर श्री चौथमल म.सा. की 145 वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय जैन दिवाकर संगठन समिति के तत्वावधान में 4 नवम्बर से 6 नवम्बर 2022 तक त्रीदिवसीय कार्यक्रमों के साथ आध्यात्मिक रूप से मनाने का निर्णय लिया गया है।
उक्त जानकारी देते हुए संगठन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शांतिलाल मारू ने बताया कि अखिल भारतीय जैन दिवाकर संगठन समिति के द्वारा देश भर में विभिन्न श्रीसंघों से अपने यहां विराजित जैन संतों की पावन निश्रा में स्व. जैन दिवाकर संत श्री चौथमल म.सा. का जन्म जयंती आध्यात्मिक रूप से समारोह पूर्वक मनाने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला में 4 नवम्बर, 2022 को सामयिक दिवस/ एकासना दिवस, 5 नवम्बर, 2022 को गुरु जाप (पूजनीय गुरुदेव मुनीन्द्र जैन दिवाकर करो आनंद) तथा गौ सेवा एवं मूक पक्षियों के दाना पानी की सेवा के साथ ही 6 नवम्बर को चल समारोह एवं गुणानुवाद सभा का आयोजन करने का आग्रह किया है।
संगठन समिति के अध्यक्ष शांतिलाल मारू, महामंत्री वीरेंद्र सिंह चौधरी व कोषाध्यक्ष जयंतीलाल डांगी ने परिपत्र जारी कर समस्त श्री संघों से अपनी सुविधानुसार एवं अपने यहां वर्षावास हेतु विराजित गुरु भगवंतों, महासतिया जी म.सा. के निर्देशानुसार श्री जैन दिवाकर जन्म जयंती मनाने के साथ ही अपने यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी एवं फोटोग्राफ संगठन समिति के व्हाट्सएप नम्बर 9829886701 पर साझा करने का आग्रह किया है।

Play sound