कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस आयोजन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा की

समय सीमा पत्रों की बैठक में दिशा-निर्देश दिए

रतलाम । कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी ने आज रतलाम में आगामी 1 नवंबर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने नवंबर के प्रथम सप्ताह में प्रत्येक दिवस आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के आयोजन गरिमामय ढंग से होंगे। इस दौरान लाडली लक्ष्मी योजना पर विशेष आयोजन होगा। इसके अलावा अन्य आयोजनों में एक जिला एक उत्पाद संबंधी गतिविधियां, खेल एवं सांस्कृतिक आयोजन, ऊर्जा संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आदि विविध आयोजनों का समागम रहेगा। नवंबर के प्रथम सप्ताह में प्रत्येक दिवस के लिए पृथक-पृथक विषयों पर आयोजन होंगे। इस दौरान रतलाम शहर के किसी एक मार्ग का नामकरण लाडली लक्ष्मी पथ किया जाएगा। लाडली हितग्राही, जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहेंगे। 1 नवंबर को स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजन होगा जहां जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहेंगे। स्वयं सहायता समूह के सदस्य उपस्थित होंगे। सांस्कृतिक आयोजन तथा उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कृत किए जाएंगे, लोक नृत्य आयोजित होंगे।
कलेक्टर ने बैठक से अनुपस्थित रहने पर महाप्रबंधक उद्योग श्री मुकेश शर्मा तथा सहायक आयुक्त आबकारी सुश्री नीरजा श्रीवास्तव को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विगत दिनों मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा आयोजित वीसी से कनेक्ट नहीं रहने पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए साप्ताहिक लक्ष्य तय किया। रतलाम कृषि उपज मंडी सचिव को मंडी परिसर में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मंडी संबंधी अनेक शिकायतें प्राप्त हो रही है। कलेक्टर ने कहा कि उनके द्वारा स्वयं निरीक्षण किया जाएगा।

Play sound