- 200, 400 और 1600 मीटर की दौड़ में विजेता खिलाड़ी हुए पुरूस्कृत
रतलाम । राणा स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में गत दिवस श्रेष्ठ खेल प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया। इसके साथ ही एथलेटिक्स में 200, 400 और 1600 मीटर दौड़ भी आयोजित की गई। इसमें विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर पुरूस्कृत किया गया। आयोजन में मुख्य अतिथि खेल चेतना मेला के सचिव मुकेश जैन, विशेष अतिथि भाजपा खेल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक और क्रीडा भारती सचिव अनुज शर्मा, शैलेंद्र सुरेखा एवं विनोद मूणत रहे।
कार्यक्रम की शुरूआत में सर्वप्रथम अतिथियों का स्वागत अमरिक राणा, सुशील सेन, ईश्वर जी, डॉ. उपेंद्र जी, डॉ. पवन मजावदिया ने किया। उसके पश्चात श्रेष्ठ खिलाड़ियों में शहर की राष्ट्रीय स्तरीय खिलाड़ी कृतज्ञ शर्मा एवं एथलीट जूलियस चाको का सम्मान किया गया। इसके साथ बेहतर खिलाड़ी तैयार करने वाले प्रशिक्षक के रूप में नितेश राठौर, हर्ष आचार्य, मुन्ना जाट और निर्मला डामोर का सम्मान किया गया। इस अवसर पर अभिषेक पांचाल, एकता चौधरी, अमृता पांचाल, आयुषी बैरागी, श्रद्धा यादव, अंजली चौहान, प्रियंका जोशी, नेहा मालवी, पवन बैरागी, जया पांचाल, सेजल सेन, कोशिका सेन, नैतिक यादव को स्पोर्ट्स किट वितरित की।
मैदान पर बाद में 200, 400 और 1600 मीटर की दौड़ आयोजित की गई। एथलेटिक्स स्पर्धा के बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में रूद्र आचार्य, यश बोरबन, परम आदित्य सिंह देवड़ा क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। 400 मीटर में पंकज, पृणित और प्रद्युम्न क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। वहीं बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में माही प्रथम, छाया द्वितीय एवं खुशी तृतीय स्थान पर रही। 1600 मीटर दौड़ मे प्रथम स्थान बलदेव ने पाया जबकि द्वितीय स्थान पर अतुल और तृतीय स्थान अंशुल ने हासिल किया। सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर पुरूस्कृत किया गया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण राणा स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमरिक राणा ने दिया। कार्यक्रम का संचालन राकेश शर्मा ने किया।