महिला मंडल की हुई बैठक

रतलाम। अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम शाखा द्वारा शहर में 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। महिला मंडल द्वारा शहर से लेकर गांवों में गायत्री महायज्ञ का आमंत्रण दिया जा रहा है।
जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष प्रकाश प्रभु राठौड़ एवं विवेक चौधरी ने बताया 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन शहर के मध्य स्थित राजीव गांधी सिविक सेंटर परिसर स्थित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर के पास 12 से 15 जनवरी तक होगा। आयोजन स्थल पर यज्ञ शाला के निर्माण की शुरूआत हो चुकी है। दूसरे दिन भी आयोजन स्थल पर गायत्री परिजनों ने यज्ञ शाला निर्माण के लिए श्रमदान करते हुए यज्ञ शाला के लिए बन रही क्यारियों में ज्वारे लगाए। श्रमदान करने वालों में गायत्री परिवार के रतलाम नगर मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश प्रभु राठौड़, विवेक चौधरी, एमएम साहू, जयकिरण वर्मा, अजय उपाध्याय, सुरेंद्रसिंह ठाकुर, विकास सैवाल, प्रदीप गुप्ता, लालाशंकर पाटीदार आदि मौजूद रहे।
षोडश संस्कार के महत्व को बताया
गायत्री परिवार महिला मंडल की बहनें बाजनखेड़ा गांव में यज्ञ के प्रचार के लिए गई। वहां पर महिलाओं को षोडश संस्कार के महत्व के बारे में बताते हुए यज्ञ में आमंत्रित किया। गायत्री महायज्ञ के दौरान विवाह दिवस संस्कार, जन्मदिवस संस्कार, विवाह संस्कार, यज्ञोपवीत संस्कार, गुरु दीक्षा संस्कार, विद्यारंभ संस्कार, मुण्डन(चूडाकर्म) संस्कार, अन्नप्राशन संस्कार, नामकरण संस्कार, पुंसवन संस्कार के महत्व को समझाया जाएगा। शाम को महिला मंडल की बैठक यज्ञ स्थल पर हुई। महिला मंडल की बहनों ने अधिकाधिक प्रचार कार्य करने तथा नारी सम्मेलन में अधिकाधिक महिलाओं की सहभागिता के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान डॉली साहू, ऋतु सैनी, संगीता राठौर, अदिति दवेसर, कुसुम चौहान, रजनी छपरी, नीलिमा उपाध्याय, प्रगति गुप्ता, शीतल वर्मा डॉ. शशि त्रिवेदी, गोपी शर्मा सहित बाजनखेड़ा के लाला शंकर पाटीदार, संजय पाटीदार आदि मौजूद रहे।