दो दिवसीय ४४ वीं सीनियर सॉफ्ट बॉल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन
रतलाम । उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मेदान पर आयोजित दो दिवसीय ४४ वीं सीनियर सॉफ्ट बॉल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता २०२३ का आज विजेताओं को पुरूस्कार वितरण के साथ समापन हुआ । सॉफ्ट बॉल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में २१ टीमों के लगभग ३०० खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया । जिसमें आज विजेता टीमों को अतिथियों पूर्व प्रतिपक्ष नेता एवं पार्षद यास्मीन शैरानी, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय सुभाष कुमावत, प्रवीण अनावकर सी.ई.ओ. सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया, श्रीकांत थोराट कोषाध्यक्ष सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के द्वारा पुरस्कृत किया गया । पुरूष वर्ग प्रथम भोपाल, द्वितीय इंदौर, तृतीय देवास एवं महिला वर्ग में प्रथम इंदौर, द्वितीय भोपाल, तृतीय ग्वालियर की टीमें रही।
प्रारम्भ में एसोसिएशन अध्यक्ष दीपेन्द्र ठाकुर एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत कर अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए रतलाम में आयोजित खेलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए यास्मीन शैरानी ने खिलाडिय़ों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य होते है आप सभी खुब मन लगा कर खेले और देश का नाम रोशन करें साथ ही आयोजित करने वाली टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर मयंक जाट ने खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए कहा कि आप खुब दिल लगाकर खेलो और पुरी मेहनत से अपने खेल में आगे तक पहुंचे । गुरू की बातें गंभीरता से लेते हुए उनको मानना चाहिए और टीम भावना से खेलते हुए आगे बढ़ते रहना चाहिए । कार्यक्रम को प्रवीण अनावकर (सी.ई.ओ. सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया) ने भी सम्बोधित करते हुए यह बहुत ही आकर्षक खेल और इस खेल को युवा ओलंपिक गेम्स में भी शामिल किया गया है। अगर हमारे खिलाडिय़ों का प्रदर्शन इसी तरह निरंतर उत्कृष्ट रहा तो हमें भी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर मिल सकता है । रतलाम में खेल को आयोजित करने वाली पूरी टीम के कार्य की एवं व्यवस्थित खेल मैदान की प्रशंसा की । कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा प्रवीण अनावकर, श्रीकांत थोराट, सुबोध चौरसिया का शाल एवं श्रीफल द्वारा सम्मान किया गया।
इस मौके पर सुबोध चौरसिया, राजु वर्मा, राजेश कोठारी, निमित शर्मा, प्रज्जवल धाकड़, आस्तिक वर्मा, अशोक व्यास, संजय शर्मा, यशस्वी, गौरव मेहता, बबीता पांडे, श्वेता डोडिया आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महेन्द्रसिंह सोलंकी ने किया एवं आभार वीरेन्द्र गुर्जर ने माना ।