जनता के हित में महापौर परिषद ने किया ऐतिहासिक प्रस्ताव पास

  • 47 अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना तथा भवन अनुज्ञा होगी उपलब्ध
  • 500 विनियमित कर्मचारियों को वेतन अंतर की राशि का होगा भुगतान

रतलाम । महापौर श्री प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में आयोजित महापौर परिषद की बैठक में नगर की 47 अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना तथा भवन अनुज्ञा उपलब्ध कराने हेतु विकास शुल्क का निर्धारण किया साथ ही निगम के 500 विनियमित कर्मचारियों को 01 सितम्बर 2016 से वेतन अंतर की राशि का भुगतान किये जाने के प्रस्ताव को सर्वानुमति से पारित किया।
आयोजित महापौर परिषद की बैठक में रतलाम नगरीय क्षेत्र की प्रथम चरण की 47 अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना तथा भवन अनुज्ञा उपलब्ध कराने हेतु विकास शुल्क का निर्धारण किया गया जिससे 47 अनाधिकृत कॉलोनियों में अब भवन निर्माण अनुमति प्रारंभ हो जायेगी।
शासन नियमों के तहत निगम द्वारा प्रत्येक अनाधिकृत कॉलोनी के अधोसंरचना विकास कार्यो में व्यय होने वाली राशि की गणना कॉलोनीवार की जाकर विकास शुल्क नियत किया गया है। इन सभी कॉलोनियों में से सैफीनगर तथा समता नगर की कॉलोनियों में 70 प्रतिशत से कम भूखण्ड निम्न आय वर्ग से कम होने के कारण कुल विकास शुल्क का 50 प्रतिशत तथा शेष 45 कॉलोनियों में निम्न आय वर्ग की अधिकता 70 प्रतिशत से ज्यादा होने से कुल विकास शुल्क का मात्र 20 प्रतिशत ही रहवासियों को जमा कराना होगा। पूर्व में जिन रहवासियों द्वारा विकास शुल्क जमा कराया गया था उनसे अब किसी तरह का विकास शुल्क नहीं वसूला जावेगा।
नगर निगम द्वारा शीघ्र ही नीति निर्धारित कर शेष अधोसंरचना विकास कार्यो हेतु प्राथमिकता तय कर निविदाऐं आमंत्रित की जावेगी। महापौर परिषद के उक्त निर्णय से नगर की अनाधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले हजारो परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त होने के साथ ही भवन निर्माण हेतु बैंको से ऋण लेने की सुविधा भी मिलने लगेगी।
आयोजित महापौर परिषद की बैठक में निगम के 500 विनियमित कर्मचारियों को 01 सितम्बर 2016 से वेतन अंतर की राशि का भुगतान किये जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई जिसके तहत कर्मचारियों को वेतन ऐरियर राशि पेटे प्रतिमाह वेतन के साथ 2,000/- भुगतान किया जायेगा। इसके अलावा बैठक में निगम के विभिन्न विभागों में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की कार्य अवधि बढ़ाई गई।
आयोजित बैठक में महापौर श्री प्रहलाद पटेल के अलावा महापौर परिषद सदस्य सर्वश्री धर्मेन्द्र व्यास, दिलीप गांधी, विशाल शर्मा, राजू सोनी, रामलाल डाबी, श्रीमती अनिता कटारा, श्रीमती सपना त्रिपाठी, निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट, उपायुक्त श्री विकास सोलंकी, कार्यपालन यंत्री सर्वश्री सुरेशचन्द्र व्यास, जी.के. जायसवाल, मोहम्मद हनीफ शेख, प्रभारी सहायक यंत्री श्री श्याम सोनी, निगम सचिव श्री बी.एल. चावरे के अलावा सर्वश्री राजेन्द्र पुरोहित, राजेन्द्रसिंह गेहलोत, राजेन्द्र शर्मा आदि उपस्थित थे।

Play sound