हैप्पीनेस माह के समापन पर गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर जी के आगमन की संभावना
रतलाम। आर्ट ऑफ लिविंग रतलाम जिला ईकाई द्वारा मार्च माह को हैप्पीनेस माह के रूप में मनाने का निर्णय किया गया है, इस माह के अंतर्गत रतलाम, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, आलीराजपुर व उज्जैन जिले में पूरे माह संस्था द्वारा स्थानीय नागरिकों के लिए हैप्पीनेस कैंप लगाए जाएंगे। जिसमें भाग लेने वाले शिविरार्थियों को योग, प्राणायाम और अत्यंत प्रभावी सुदर्शन क्रिया का योग्य प्रशिक्षकों द्वारा अभ्यास करवाया जायेगा। योजनानुसार उक्त प्रशिक्षण कार्य ऑफ लाईन और ऑनलाईन दोनों माध्यमों से किया जाएगा।
संस्था का उद्देश्य भागदौड़, आपाधापी वाली जीवनशैली में प्राणायाम, ध्यान के माध्यम से बदलाव लाकर स्वयं से परिचित करवाना है, तनाव को कम कर हर चेहरे पर मुस्कान लाना है। हैप्पीनेस माह का समापन रतलाम में 25 मार्च को किया जाना है।
स्मरणीय है कि इस समयावधि में संस्था के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर जी मध्यप्रदेश के जबलपुर व इंदौर दौरे पर आ रहे है अत: समापन सत्र में उनकी उपस्थिति हेतु विधिवत निमंत्रित किया गया है। साथ ही पिछले दिनों शहर के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी बैंगलोर आश्रम में पूज्य गुरुदेव से मिलकर रतलाम आने का न्यौता दिया है उनके आने के समाचार से आसपास के क्षेत्रों व रतलाम अनुयायियों में भारी उत्साह है।
उल्लेखनीय है कि इसके पहले गुरुदेव का आगमन रतलाम में 2020 के मार्च माह में ही हुआ था और उनका यह प्रवास काफी सफल रहा था, आज भी उस अनुशासित जमावड़े की मीठी-मीठी यादें आमजन की स्मृति में संचित है व पूरी संभावना है कि मार्च माह उनकी दिव्य उपस्थिति का साक्षी बने।