
रतलाम। सूरदासजी का जीवन प्रेरणादायी है,कार्यक्रम का भाव किसी भी प्रकार का हो लेकिन कार्यक्रम को करने के बाद किसी भाषण की आवश्यकता नहीं है,क्योंकि इसका नाम ही सक्षम है । सक्षम पूरे देश भर के कोने कोने में कार्य करता है,इस प्रकार के कार्यक्रम अवसरों को मानकर होना चाहिए ताकि अलग-अलग प्रतिभाओं का आपस में परिचय हो ।
आज सूरदास जयंती का कार्यक्रम है,सूरदास जी का जीवन हमें समझना होगा। देश के इतिहास को देखते हैं तो एक भक्तिकाल आया राजा पृथ्वीराज चौहान के राज्य में चंद्रवरदाई कवि के वंश में सूरदास जी का जन्म मथुरा की भूमि पर हुआ और पुरा जीवन कृष्ण भक्ति में बिताया । भगवान ने धरती पर जिसको भी जन्म दिया वह सक्षम है,उसके अंदर अनेक प्रतिभाएं होती है। हो सकता है उसका कोई अंग नहीं है तो दूसरी कोई प्रतिभा उसको मिली।
सूरदासजी जन्म से दृष्टिबाधित थे लेकिन ईश्वर ने उन्हें लेखन प्रतिभा दी,उन्होंने कृष्ण भक्ति मे डुबकर 16 रचनाएं व बड़े ग्रंथ लिखे और वह आज समाज व जीवन को सही दिशा दिखाने का काम कर रहे है।
यह विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक श्री विजेंद्रजी गोठी ने प्रकट किए। वह जवाहर नगर स्थित अंबेडकर भवन में दिव्यांगों के सशक्तिकरण हेतु समर्पित राष्ट्रीय संगठन सक्षम संस्था के जिला इकाई द्वारा सूरदास जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम सविता प्रकोष्ठ मालवा प्रांत के अध्यक्ष अशोक जैन चौटाला ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देकर बताया कि जिले मे तहसील स्तर पर संस्था का गठन किया जाएगा।
विशेष अतिथि सक्षम के जिलाध्यक्ष राजेश चौहान ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि सक्षम का स्थापना दिवस बड़े स्तर पर मनाया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित दृष्टिबाधित रोहित वर्मा,दिव्यांग दिलीप सिंह तथा नानालाल ने सुंदर गीतों की प्रस्तुति दी तथा मंदबुद्धि बालिका कुमारी वंशिका ने सुंदर नृत्य कर सबका मन मोह लिया। रतलाम की दृष्टिबाधित कुमारी अनुष्का पंकज दुबे ने अपने मन के उदगार व्यक्त करते हुए बताया कि मैं देहरादून में 12 वीं कक्षा में पढ़ती हूं तथा उत्तराखंड राज्य की ओर से राष्ट्रीय ब्लाइंड फुटबॉल प्रतियोगिता मे भाग लेती हुं। साथ ही 1500 व 5000 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं में भी स्कूल की तरफ से भाग लेकर कई पुरस्कार जीते । इसलिए दिव्यांग जनों को किसी भी प्रकार से अपने जीवन से निराश नहीं होना चाहिए ईश्वर ने हमें अन्य कई प्रतिभाएं दी है मैं सभी दिव्यांग जनों की ओर से सक्षम संस्था के आयोजन के लिए धन्यवाद देती हूं और इस प्रकार के आयोजनों से हम लोगों का मनोबल बढ़ता है और हमे यह विश्वास होता है कि हम इस दुनिया में अकेले नहीं है।
मानसिक मंदबुद्धि की संस्था सारथी की स्वाति सोलंकी का भी इस कार्यक्रम में विशेष योगदान रहा।
आयोजन में 6 दृष्टिबाधित 8 दिव्यांगजन 13 मानसिक मंदबुद्धि बच्चे व 4 कुष्ठ रोगियों का अतिथियों द्वारा सम्मान कर उन्हें पुरस्कार भेंट किए।
इस अवसर पर समाजसेवी दिनेश राठौड़,मनीष शर्मा,कपील चावला,शैलेश पावेचा,मनोहर राठौड़,रवि पवार,नीरज परमार,सुदीप पटेल,संदीप यादव,मोतीलाल चौहान,लकी अरोरा, लक्ष्मीनारायण सुयल,जगदीश जाधव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सक्षम के महेन्द्र भरकुंदीया ने आभार व्यक्त किया।