ठाकुर जी व तुलसी जी के परिणय उत्सव पर तीन दिवसीय आयोजन सम्पन्न

जावरा (अभय सुराणा) । यातायात पुलिस जावरा में सेवानिवृत्त उप निरीक्षक रामसेवक शर्मा व धर्मपत्नी सौ. श्रीमती निर्मला देवी शर्मा परिवार द्वारा खारीवाल कॉलोनी स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में ठाकुर जी व तुलसी जी का तीन दिवसीय परिणय उत्सव उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । तीन दिवसीय आयोजन में विधिवत गणेश पूजन, अखंड रामायण पाठ व एकादशी उद्यापन किया गया । 1008 श्री श्री कृष्णानंद जी महाराज बगलामुखी (नलखेड़ा) बग्गी पर विराजित होकर शालिग्राम भगवान को गोद में लेकर बारात में शामिल हुए । भगवान की बारात श्री रामेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर शास्त्री कॉलोनी स्थित सांवरिया मंदिर पहुंची और वहां से पुनः श्री रामेश्वर महादेव मंदिर पर आई जहां विधि विधान से पाणि ग्रहण संस्कार किया गया । समाजसेवी धीरज शर्मा एवं धर्मपत्नी श्रीमती राजमाला शर्मा ने कन्या पूजन किया । मंगलवार शाम को कार्यक्रम का समापन भोजन प्रसाद जी के साथ किया गया।