पूज्य समकितमुनिजी की जादूभरी वाणी सुनने के लिए आतुर पूनावासी

पूना, 1 जून (निलेश कांठेड़)। अपनी वाणी के जादू से सुनने वाले को धर्म की सरिता में डूबकियां लगाने के लिए प्रेरित करने वाले आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि, वाणी के जादूगर पूज्य समकितमुनिजी म.सा. की धर्ममय ओजस्वी वाणी की गूंज शुक्रवार 2 जून से महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों में शुमार पूना महानगर में होने वाली है। वर्ष 2022 में भीलवाड़ा के शांतिभवन में सफलता का कीर्तिमान कायम करने वाले एतिहासिक चातुर्मास के बाद समकित के संग समकित की यात्रा उग्र विहार के बाद अब पूना के द्वार पर पहुंच गई है। वर्ष 2023 के पूना आदिनाथ संघ के तत्वावधान में होने वाले चातुर्मास के लिए श्रमणसंघीय सलाहकार पूज्य सुमतिप्रकाशजी म.सा. के सुशिष्य पूज्य समकितमुनिजी म.सा., प्रेरणाकुशल भवान्तमुनिजी म.सा., गायनकुशल जयवंतमुनिजी म.सा. आदि ठाणा शुक्रवार को पूना नगर में प्रवेश करेंगे। पूनावासी समकित वाणी सुनने के लिए बेताब व आतुर नजर आ रहे है। पूना में विधिवत प्रवेश से पहले ही धार्मिक भक्ति से ओतप्रोत पूनावासी समकित के दर्शन व धर्मसेवा के लिए उनकी विहार यात्रा में शामिल होने का लाभ ले रहे है। पूना महानगर में प्रवेश से पहले विहार यात्रा गुरूवार को बानेर से विहार कर पूना के एकलव्य कॉलेज पहुंच गई। विहार यात्रा में चातुर्मास आयोजक श्रीआदिनाथ संघ के अध्यक्ष सचिन टांटिया सहित कई श्रावक-श्राविकाएं उत्साह से शामिल हुए। इस दौरान समकितमुनिजी के जयकारे गूंजते रहे। विहार मार्ग में भी उनके दर्शनों के लिए श्रावक-श्राविकाएं इन्तजार करते नजर आए। समकितमुनिजी म.सा. का पूना महानगर प्रवेश श्रीवर्धमान सांस्कृतिक प्रतिष्ठान, जैन स्थानक कोथरूड के तत्वावधान में होगा। इस भव्य गरिमापूर्ण आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। पूना नगर प्रवेश के अवसर पर 2 जून को कोथरूड श्रीसंघ की ओर से सुबह 7.30 बजे पूज्य समकितमुनिजी म.सा. आदि के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली जाएगी। मयूरनगर स्थित कोथरूड़ स्थानक पहुंचने के बाद नगर प्रवेश कार्यक्रम का आगाज सुबह 8 से 9 बजे तक सर्वसुखकारी महामंगलकारी लोगस्स आराधना से होंगा। श्रीआदिनाथ संघ के अध्यक्ष सचिन टांटिया ने बताया कि पूज्य समकितमुनिजी म.सा. का पांच माह का चातुर्मास तप आराधना व धर्मसाधना की दृष्टि से नए कीर्तिमान कायम करे इसके लिए पूरा श्रीसंघ समर्पित भाव से जुटा हुआ है। श्रावक हो या श्राविकाएं, युवा हो या बच्चें सभी इस चातुर्मास में सहभागिता निभा धर्म आराधना करने के लिए उत्साहित है। पूना महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में विचरण के बाद पूज्य समकितमुनिजी का वर्ष 2023 के चातुर्मास के लिए आदिनाथ जैन स्थानक भवन पूना में चातुर्मासिक मंगल प्रवेश 25 जून को होगा। चार्तुमासिक मंगलप्रवेश आयोजन से जुड़ी तैयारियां भी निरन्तर जारी है।
बाल श्रावक अर्हम ने किया ग्रीष्मावकाश गुरूसेवा में समर्पित
भीलवाड़ा के सांगानेर निवासी मनोज-संगीता सुराणा के सुपुत्र बाल श्रावक अर्हम सुराना भी पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से पूज्य समकितमुनिजी म.सा. की विहार यात्रा के साथ उनकी सेवा में जुटे होकर प्रेरणादायी भूमिका निभा रहे है। अर्हम अपने ग्रीष्मावकाश का समय मौज-मस्ती में बीताने की बजाय गुरूसेवा में समर्पित कर अनुमोदनीय कार्य कर रहे है। मुनिश्री के दर्शनों के लिए आने वाले श्रावक-श्राविकाएं भी अर्हम की गुरूभक्ति की सराहना किए बिना नहीं रह पाते है।