कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के निर्देशन में भूमाफिया के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई

लगभग 25 करोड रुपए मूल्य की भूमि पर हकदार 34 भूखंडधारकों को कब्जा दिलाया गया

रतलाम 03 जून 2023। कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में शनिवार को रतलाम शहर में भू-माफिया के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन द्वारा 34 पीड़ितों को उनके भूखंडों पर कब्जा दिलाया गया। कार्रवाई शहर की सूरजमल जैन कॉलोनी के समीप स्थित भूमि पर की गई। लगभग 5 बीघा भूमि पर स्थित भूखंडों का कुल मूल्य लगभग 25 करोड़ रुपए है। इस दौरान कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, एसडीएम श्री संजीव पांडे, तहसीलदार श्री ऋषभ ठाकुर, नायब तहसीलदार श्री के.बी. शर्मा, श्री मनोज परमार, पटवारी, कोटवार, भूखंडधारक मौजूद रहे।
एसडीएम श्री पांडे ने बताया कि 34 भूखंड धारक लंबे समय से अपने भूखंड पर कब्जे के लिए परेशान थे। पीड़ितों द्वारा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर जनसुनवाई तक शिकायत एवं आवेदन किए गए थे। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व अमले द्वारा भूखंडों की विस्तृत छानबीन करके शनिवार को उनके वास्तविक खरीदारों को भूखंडों पर कब्जा दिलाया गया। अपने भूखंड पाकर प्रसन्न हुए पीड़ितजनों ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद दिया जिनके सुशासन एवं निर्देश पर पीड़ितों को न्याय मिला उनको भूखंड मिल सके हैं।
एसडीएम श्री पांडे ने बताया कि वर्ष 1994 से लेकर उसके बाद तक की अवधि में एहसान मुकाती द्वारा विभिन्न खरीदारों को भूखंड बेचे गए थे परंतु उनको कब्जा नहीं दिया जा रहा था। अपने भूखंड के लिए लोग परेशान हो रहे थे। आज जब उनको अपने भूखंड का कब्जा मिला है तो उन्होंने मुख्यमंत्री तथा प्रशासन को दिल से धन्यवाद दिया।

Play sound