विकास कार्यो के निरीक्षण के दौरान ठेकेदारों को दिये निर्देश
रतलाम । नगर निगम द्वारा शहर में सीवरेज कार्य, सिटी फोर लेन सहित अन्य कराये जा रहे विकास कार्यो के तहत भूमि खुदाई के दौरान बीएसएनएल की टेलीफोन की लाईन क्षतिग्रस्त ना हो इस हेतु रूचिका चौहान जिला कलेक्टर एवं प्रशासक नगर पालिक निगम रतलाम के निर्देशानुसार निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया ने नगर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यो का निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार व उनके इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
निगम आयुक्त श्री झारिया ने नगर में कराये जा रहे सिटी 4 लेन निर्माण व सीवरेज कार्य के तहत पावर हाउस रोड, जवाहर नगर, मोचीपुरा, शक्ति नगर आदि स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार व इंजीनियरों को निर्देशित किया कि जब भी खुदाई का कार्य प्रारंभ हो उससे पहले भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड को सूचित किया जाये ताकि उनके कर्मचारी स्थल पर टेलीफोन की लाईनों के बारे में अवगत करा सकें जिससे टेलीफोन की लाईने क्षतिग्रस्त ना हो।
निरीक्षण के दौरान संबंधित ठेकेदार व उनके इंजीनियरों द्वारा निगम आयुक्त श्री झारिया को अवगत कराया गया कि हमारे द्वारा वॉहट्स एप् ग्रुप बनाया हुआ है जिसमें भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड को भी जोड़ा हुआ है। शहर में विकास कार्यो हेतु जहां भी खुदाई का कार्य प्रारंभ होता है उसकी जानकारी ग्रुप में साझा की जाती है। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री श्री सुरेशचन्द्र व्यास, प्रभारी सहायक यंत्री श्री श्याम सोनी आदि उपस्थित थे।