- श्रीधर्मदास जैन श्रीसंघ द्वारा किया गया प्रेरणादायी नूतन प्रयोग
- ज्ञानाजर्न के साथ बच्चों ने लिया अणु बाल मेला एवं शॉपिंग मॉल का आनंद

रतलाम। आचार्यश्री उमेशमुनिजी की प्रारंभिक प्रेरणा ही यही रही और वर्तमान में भी प्रवर्तकश्री जिनेंद्रमुनिजी की यही प्रेरणा रहती है कि धार्मिक पाठशालाओं का नियमित संचालन हो। जिससे हमारी आने वाली भावी पीढ़ी में शुभ संस्कारित एवं धर्ममय जीवन की मजबूत नींव रखी जा सके। इसी उद्देश्य से धार्मिक पाठशाला के संदर्भ में एक नूतन प्रयोग श्रीधर्मदास जैन श्रीसंघ में किया गया। जिसके अंतर्गत प्रति रविवार को श्रीधर्मदास जैन मित्र मंडल नोलाईपुरा स्थानक पर लगने वाले अणु संस्कार शिविर में बच्चों को उनकी नियमित उपस्थिति, ज्ञान कंठस्थ करके सुनाना, साप्ताहिक प्रत्याख्यान ग्रहण करके पालन करने के अलावा पाठशाला के प्रति बच्चों में आकर्षण लाने के उद्देश्य से धार्मिक प्रतियोगिताओं के लिए प्रभावना के रूप में अणु दान दिया गया। जिससे बच्चों में शिविर के प्रति रुचि के साथ उत्साह देखा गया।
बाल मेला व शॉपिंग मॉल का आयोजन
शिविर में बच्चों को प्रभावना के रूप में जो अणु दान मिला, इससे वे उनकी पसंदीदा वस्तु प्राप्त कर सके। इस हेतु श्रीसंघ की सहयोगी संस्था अणु मित्र मंडल के तत्वावधान में अणु संस्कार शिविर के अंतर्गत अणु बाल मेला एवं शॉपिंग मॉल का आयोजन 18 जून रविवार को स्थानीय अमृत कुंज हनुमान रुंडी पर किया गया। मेले का शुभारंभ अखिल भारतीय श्रीधर्मदास गण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनीत वागरेचा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शांतिलाल भंडारी, श्रीधर्मदास जैन श्रीसंघ अध्यक्ष अशोक चतुर, महामंत्री अजीत मेहता, पदाधिकारी गण, संघ के सदस्यों, अणु मित्र मंडल के पदाधिकारियों व सदस्यों एवं संघ की अन्य सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों ने नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप कर किया।
बच्चों को संस्कारित रहने की प्रेरणा दी
समारोह में धर्मदास गण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनीत वागरेचा, अखिल भारतीय श्रीधर्मदास स्थानकवासी जैन युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज मूणत ने बच्चों को संस्कारित रहने के प्रमुख बिंदु रूप में प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। श्रीसंघ अध्यक्ष अशोक चतुर ने अतिथियों का अभिवादन कर अपना अमूल्य समय प्रदान करने के लिए अतिथियों को साधुवाद दिया।
बच्चों ने मधुर व्यंजनों का लुत्फ लिया
मेले में बड़ी संख्या में बच्चें अपने माता-पिता व स्वजनों के साथ पहुंचे एवं अपनी पसंदीदा वस्तु खरीदने के साथ-साथ मनोरंजक गेम्स एवं विभिन्न प्रकार के लगाए गए स्टॉलो पर मधुर व्यंजनों का भी भरपूर लुफ्त लिया।
लक्की ड्रॉ निकाला गया
बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए अणु बाल मेले में आए सभी बच्चों के लिए लक्की ड्रॉ का आयोजन भी किया गया। इसके तहत सभी बच्चों को टोकन दिए गए और मेले के अंत में पांच भाग्यशालियों के ड्रॉ के माध्यम से टोकन निकालकर उन्हें पुरस्कार दिया गया।
पृथक से रजिस्ट्रेशन काउंटर लगाया
मेले में एक रजिस्ट्रेशन काउंटर पृथक से लगाया गया। इसमें 25 जुलाई से प्रारंभ हो रहे अणु संस्कार शिविर के नवीन सत्र के लिए बच्चों का रजिस्ट्रेशन किया गया। इस बाल मेले में श्रीसंघ के अलावा अणु श्राविका मंडल, अणु बालिका मंडल व अणु बाल मंडल सहित अनेक सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा। नवीन प्रयोगों के रूप में बच्चों ने अणु मुद्रा का दान भी दिया। जिसे वे अगले रविवार सुकृत कार्यों में लगाएंगे और गौसेवा, बाल आश्रम या वृद्ध आश्रम जाकर दान का लाभ अर्जित करेंगे। अणु मित्र मंडल के इस नवीन प्रयोग की वरिष्ठजनों सहित सभी ने भूरी भूरी प्रशंसा की।