शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का समान अधिकार है

लायंस ज्ञानदीप दृष्टिबाधित स्कूल में मनाया प्रवेश उत्सव

रतलाम।  शिक्षा ग्रहण करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक और अनिवार्य माना गया है इसके लिए शारीरिक बाधाओं को नजर अंदाज कर अपने लक्ष्य में सफलता हासिल करने का जज्बा बनाकर रखना होगा तभी आपको दी हुई शिक्षा सार्थक होगी।
उक्त विचार लायंस हॉल में संचालित लायंस ज्ञानदीप दृष्टिहीन विद्यालय में आयोजित प्रवेश उत्सव में उपस्थित दृष्टिबाधित विद्यार्थियों और क्लब सदस्यों को संबोधित करते हुए लायंस क्लब के प्रथम वॉइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर योगेंद्र रूनवाल ने व्यक्त किए।  आपने उक्त विद्यालय के संचालन के लिए ट्रस्ट सदस्य एवं प्राचार्य को बधाई देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रीजन चेयरपर्सन दिनेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा के महायज्ञ में प्रत्येक व्यक्ति की आहुति  आवश्यक है। शारीरिक बाधाओं को चुनौती मानकर व्यक्ति अपने उद्देश्य में सफल हो सकता है इसके लिए अतिरिक्त परिश्रम, पराक्रम और पुरुषार्थ की आवश्यकता होती है। जो आपको ईश्वर ने अतिरिक्त रूप से दिया है उस शक्ति को अपना लक्ष्य हासिल करने में प्रयोग कर अपना और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें।  क्लब अध्यक्ष राजेंद्र राजपुरोहित ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि विगत 24 वर्षों से यह विद्यालय संचालित हो रहा है जिसमें शहर और ग्रामीण क्षेत्र के दृष्टिबाधित बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा ब्रेल लिपि द्वारा प्रदान की जाती है।
विद्यालय के चेयरमैन लायन राजेश भार्गव ने कहा कि अध्ययनरत बच्चे अत्याधिक प्रतिभावान हैं। संगीत और अन्य खेल गतिविधियों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को विकसित कर रहे हैं। विद्यालय सचिव लायन सुनील जैन ने कहा कि विद्यालय में शासन के सहयोग एवं सामाजिक संगठन विशेषकर लायंस क्लब द्वारा संसाधन उपलब्ध करवाकर बच्चों के भविष्य को उज्जवल बनाने का कार्य निरंतर जारी है।
इस  अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को तिलक एवं माला  पहनाकर अभिनंदन किया। बालक भव्यराज सिंह ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।  इस अवसर पर झोन चेयरपर्सन सौरभ भंडारी, डॉ. सुलोचना शर्मा, गोपाल जोशी, सचिव दिनेश गहलोत, कोषाध्यक्ष योगेश तिवारी, विजय बोहरा, राजेंद्र अग्रवाल, प्राचार्य किरण गहलोत, टीचर स्नेहिल पनेरी सहित विद्यार्थी, पालक एवं क्लब सदस्य उपस्थित थे।  कार्यक्रम का संचालन लायन सुनील जैन तथा आभार दिनेश गहलोत ने व्यक्त किया।