रतलाम। नगर निगम के सामने गांधी उद्यान में सावन मास और वर्षाऋतु के बावजूद पेड़ों की कटाई और असंख्य पक्षियों की मौत के विरोध में शुक्रवार को धरना प्रदर्शन होगा। जीव मैत्री परिवार और समस्त पर्यावरण प्रेमियों के बैनर तले आयोजन में कई समाज भाग लेंगे।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व प्रस्तावित गोल्ड कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए गांधी उद्यान में बड़ी संख्या में पेड़ो की कटाई हुई थी जिसके कारण पक्षियों के सैकड़ों अंडे नष्ट होने के साथ पक्षियों की मौत हुई। इस घटना के विरोध में पर्यावरण प्रेमियों द्वारा विरोध प्रदर्शन करते हुए दोबत्ती थाने पर एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। इस घटना से द्रवित और लगातार जिले में पर्यावरण के दोहन के विरोध में जीव मैत्री परिवार तथा अन्य सहयोगी संगठन भी धरना देंगे। उनकी मांग है कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति किसी भी परीस्थिति में नहीं होनी चाहिए। अनावश्यक पेड़ों की कटाई बंद होने के साथ नए पौधारोपण तथा जंगलों को बढ़ाने के साथ जीव हत्या और जीवों पर अत्याचार भी बंद हो। इस संबंध में धरना प्रदर्शन नगर निगम के सामने सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। जीव मैत्री परिवार ने सभी जीव प्रेमियों से इसमें भाग लेकर मृत पक्षियों तथा पेड़ों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर पूरी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की है।