
रतलाम 13 जुलाई 2023 । जनसंख्या स्थिरता माह का आयोजन 11 जुलाई से 11 अगस्त के मध्य किया जा रहा है। इस दौरान राज्य कार्यालय एनएचएम मध्य प्रदेश भोपाल में विभिन्न जिलों से परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस क्रम में रतलाम जिले से श्रीमती अनीता पति श्री मनोज डाबी ग्राम बाजना की आशा कार्यकर्ता को एमडी एनएचएम प्रियंका दास, उप संचालक परिवार कल्याण कार्यक्रम तथा उपसंचालक आशा कार्यक्रम द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर प्रभाकर ननावरे ने बताया कि श्रीमती अनीता डाबी आशा कार्यकर्ता ग्राम पंचायत बाजना के अंतर्गत सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत है । उनके द्वारा परिवार कल्याण कार्यक्रम में वर्ष 2022 -23 में 55 दंपतियों को प्रेरित कर नसबंदी का स्थाई ऑपरेशन कराया गया, तथा अस्थाई साधनों के अंतर्गत 6 महिलाओं को प्रसव पश्चात आईयूसीडी लगवाने हेतु तथा 5 महिलाओं को निश्चित अंतराल पर अंतरा इंजेक्शन लगवाने हेतु साथ ही परिवार कल्याण के विभिन्न साधनों के लिए दंपतियों को प्रेरित करने दो बच्चों के बीच 3 वर्ष का अंतराल रखने संबंधी गतिविधियों के लिए सम्मानित किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर श्रीमती सुमन लोद भी उपस्थित रही। ग्राम बाजना की आशा कार्यकर्ता श्रीमती अनीता डाबी को सम्मानित किए जाने पर डॉ- जितेन जायसवाल प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बाजना, बीएमओ बाजना डॉ. अर्जुन मौर्य, डीपीएम डॉ.अजहर अली, डीसीएम श्री कमलेश मुवेल, डीएचओ डॉक्टर वर्षा कुरील तथा सीएमएचओ ने शुभकामनाएं दी।