चरणबद्ध आंदोलन के तहत निकला मौन जुलूस



रतलाम 18 जुलाई। पेड़ो और परिंदो के लिए रतलामी उठ खड़े हुए है। मंगलवार को सैंकड़ो की संख्या में जनआंदोलन की श्रंखला के तहत मौन जुलूस निकाल कर पेड़ो और पक्षियों की रक्षा के लिए ज्ञापन दिया।
शहर के पर्यावरण प्रेमी नागरिक, जीव मैत्री परिवार एंव उनके साथियों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर मौन पैदल जुलूस निकाला है। पर्यावरण प्रेमियों ने गांधी उद्यान पहुंचकर देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन शहर एसडीएम को सौंपा। इसके पूर्व पिछल्ले सप्ताह भी पूर्व भी जीव मैत्री परिवार और पशु पक्षी प्रेमियों ने धरना प्रदर्शन और हस्ताक्षर अभियान चलाकर बेजुबान पक्षियों की हत्या की घटना का विरोध दर्ज कराया था। यह जन आंदोलन गांधी उद्यान में पेड़ों की कटाई कर सैकड़ों पक्षियों की निर्मम हत्या करने वाले दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर किया जा रहा है।
गोल्ड पार्क के निर्माण में बाधक बन रहे पेड़ों की बेतरतीब कटाई की जा रही है। जिसमें सैकड़ो पक्षियों के घरौंदे थे। इन पेड़ो को शिफ्टिंग करने के बजाय, काटने वालों ने सिर्फ अपना स्वार्थ देखा और सैकड़ों पक्षियों के घोंसले उजाड़ डाले । इन घोसलों में पल रहे पक्षियों के छोटे बच्चे जो अपनी आंख भी नहीं खोल पा रहे थे। वह जमीन पर तड़प तड़प कर मर गए। पशु पक्षी प्रेमियों के आक्रोश और विरोध के बाद नगर निगम के जिम्मेदार इसे गोल्ड पार्क निर्माण कर रही एजेंसी को दोषी बता रहे हैं। नगर निगम के ठीक सामने बने गांधी उद्यान में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और पक्षियों पर हुई क्रूरता पर निगम के जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे रहे। शहर में पर्यावरण प्रेमियों ने चरणबद्ध आंदोलन की शुरूआत कर दी है। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदारी तय करें। ज्ञापन के पूर्व 2 मिनिट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। एक दिन पूर्व हस्ताक्षर अभियान में भी 4 हजार सदस्यों ने हस्ताक्षर किए।