
रतलाम 19 जुलाई । महापौर श्री प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार नगर निगम यातायात एवं परिवहन विभाग सलाहकार समिति की बैठक समिति प्रभारी श्रीमती सपना-गौरव त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें जनहितैषी प्रस्तावों पर समिति द्वारा अनुशंसा की गई।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये जाने हेतु नवीन क्रेन वाहन क्रय किये जाने की अनुषंसा समिति द्वारा की गई ताकि साथ ही मुख्य मार्गो एवं शहर के व्यस्ततम मार्गो पर वन वे यातायात व्यवस्था प्रारंभ किये जाने की अनुशंसा समिति द्वारा की गई।
आयोजित बैठक में समिति द्वारा अनुशंसा की गई कि स्कूल एवं हॉस्पीटल की सड़क पर निर्धारित दूरी पर स्पीड ब्रेकर लगाये जायें ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सकें। इसके अलावा वार्डो में वार्ड पार्षद द्वारा बताये गये स्थान पर साईन बोर्ड लगाया जाये जिस पर वार्ड क्रमांक, वार्ड व पार्षद का नाम अंकित हो।
कसारा बाजार, डालूमोदी बाजार, चांदनी चौक, माणक चौक आदि क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था नहीं है इस हेतु समिति द्वारा चांदनी चौक में मल्टी लेवल पार्किंग की व्यवस्था किये जाने की अनुशंसा समिति द्वारा की गई।
दुर्घटना से बचाव हेतु 4 लेन व मुख्य मार्गो पर रेडियम लाईट व केट आई लगाये जाने, प्लास्टिक के स्पीड ब्रेकर लगाये जाने तथा शहर में निर्धारित दूरी पर ऑटो स्टैण्ड बनाये जाने की अनुशंसा समिति द्वारा की गई।
आयोजित बैठक में समिति प्रभारी श्रीमती सपना-गौरव त्रिपाठी के अलावा समिति सदस्य श्रीमती देवश्री पुरोहित, श्रीमती आयुषी सांखला, श्रीमती माया पांचाल, श्रीमती प्रीति कसेरा, सहायक वर्ग-3 श्री कैलाश गेहलोत आदि उपस्थित थे।