

खाचरौद। केंद्रीय जवाहर नवोदय विद्यालय एवं तहसील विधिक सेवा समिति खाचरौद द्वारा संयुक्त रूप से ’हिंदी दिवस’ के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन खाचरौद तहसील के ग्राम बुरहानाबाद स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के सभागृह में किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश शोएब खान, व्यवहार न्यायाधीश पंकज बुटानी, अभिभाषक संघ अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा, अपर लोक अभियोजक रजनीश उपाध्याय, अभिभाषक लक्ष्मीनारायण शर्मा एवं अभिभाषक हर्षित चौरड़िया उपस्थित थे। अतिथियों ने द्वारा विद्यालय के बच्चों को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा के महत्व के बारे में जानकारी दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
न्यायाधीश शोएब खान ने संबोधित करते हुए बालिकाओं के प्रति अपराध व रैगिंग जैसे कार्यों से बचने की हिदायत दी। न्यायाधीश पंकज बुटानी ने विधि द्वारा प्रतिपादित अधिकारों व कर्तव्यों की जानकारी दी। अभिभाषक हर्षित चौरड़िया ने संबोधित करते हुए उपस्तिथों से आव्हान किया कि हमें हिंदी भाषा साहित्य के सौंदर्य की गहराई में उतरेंगे तभी हिंदी दिवस बनाना सार्थक माना जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा सरस्वती माता के मूर्ति पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर की गई। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत विद्यालय के प्राचार्य मेहता द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालक विद्यालय के शिक्षक मरावी ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।