आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा. की निश्रा में निकला भव्य जुलूस

100 वर्धमान तप के पायावालों के साथ 200 अठ्ठाई तपस्वियों का हुआ सत्कार

रतलाम, 23 सितंबर 2023। आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा. की निश्रा में शनिवार को सुबह तीसरे राउंड के 100 वर्धमान तप के पायावालों का एवं 200 अठ्ठाई तपस्वियों का लाभार्थी गृहांगण से भव्य जुलूस निकला। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ सैलाना वालों की हवेली मोहन टाॅकीज पहुंचा। यहां पर वर्धमान तप के पायावालों के साथ अठ्ठाई तपस्वियों का सत्कार समारोह आयोजित हुआ। वर्धमान तप के तीसरे राउंड के तपस्वियों के जुलूस में लाभार्थी दीपक कुमार सोहनलालजी पीपाड़ा परिवार रहा।
आचार्य श्री ने मोहन टाॅकीज में प्रवचन के दौरान स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जहां स्वच्छता होती है, वहां प्रभु का वास होता है। इस लिए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखे। वर्तमान दौर में खान पान के कारण सबसे गंदा यदि कुछ है तो वह हमारा पेट है। आचार्य श्री ने उपधान तप की विशेषताएं बताई। उन्होने तप के लिए नींद, स्वाद, संग्रह और इंद्रियों पर नियंत्रण रखने पर जोर देते हुए कहा कि तप के दौरान निंद्रा, स्वाद और संग्रह पर विजय प्राप्त होती है। आज व्यक्ति घर में बिना काम की इतनी चीजे एकत्र कर लेता है, जिसे देख ऐसा लगता है कि घर अब गोदाम हो गया है। दीपावली के दौरान जब घर की सफाई होती है तो बड़ी मात्रा में बिना काम का सामान निकलता है।
रविवार को निकलेगी भव्य रथ यात्रा
आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा. रतलाम में ऐतिहासिक चातुर्मास के दौरान 16 दिवसीय सूरि मंत्र की आराधना करेंगे। जिन भगवान के सामने होने वाली इस आराधना के निमित्त जो 24 सितंबर को प्रातः 9 बजे सेठजी का बाजार से भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। श्री देवसूर तपागच्छ चारथुई जैन श्रीसंघ गुजराती उपाश्रय, श्री ऋषभदेवजी केशरीमलजी जैन श्वेताम्बर तीर्थ पेढ़ी ने सकल श्री संघ से रथ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आव्हान किया है।