
रतलाम 23 सितम्बर 2023। जिले में आयुष्मान भव: अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शनिवार को आयुष्मान स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य मेलों के लिए प्रथम सप्ताह हेतु असंचारी रोगों की स्क्रीनिंग, द्वितीय सप्ताह हेतु संचारी रोगों जैसे टी.बी. कुष्ठ आदि की पहचान कर प्रबंधन, तृतीय सप्ताह हेतु मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाऐं, चतुर्थ सप्ताह हेतु सिकल सेल अनीमिया की जांच एवं स्क्रीनिंग तथा नेत्र रोग आदि के उपचार एवं प्रबंधन की थीम निर्धारित की गई है ।
जिले के हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रो पर आयुष्मान स्वास्थ्य मेलों का आयोजन कर आमजन को स्वास्थ्य सेवाऐं प्रदान करने के साथ साथ आभा आईडी ( डिजिटल हेल्थ कार्ड बनाने ) देहदान संबंधी संकल्प हेतु जागरूकता अभियान, रक्तदान हेतु जागरूकता अभियान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई।
सीएमएचओ डॉ. आनंद चंदेलकर ने बताया कि अभियान के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना में 3 अक्टूबर को, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलोदा में 5 अक्टूबर को, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना में 7 अक्टूबर को आयुष्मान स्वास्थ्य मेलों का आयोजन कर मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क जांच उपचार एवं दवाईयों का वितरण किया जाएगा। नोडल अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील ने बताया कि 5 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए आभा आईडी बनाने की सुविधा सभी सरकारीकेंद्रों पर निशुल्क उपलब्ध है। जिला चिकित्सालय के ओपीडी काउंटर पर भी आभा आईडी बनाए जा रहे हैं । इसके लिए आधार कार्डएवं आधार कार्ड से जुडे मोबाईल पर ओटीपी द्वारा डिजिटल हेल्थ आई. डी. सहजता से बन जाता है। इस आई.डी . बनवाने का लाभ यह है कि एक बार आई.डी. नंबर प्राप्त होने के बाद किसी भी अस्पताल में अपना उपचार कराने पर पूर्व में कराई गई समस्त जांच एवं उपचार के लिए प्राप्त की गई दवाईयां आदि मरीज के स्वास्थ्य की वर्तमान स्थिति पता करनेके लिए पूर्व की समस्त हिस्ट्री एक क्लिक पर प्राप्त हो जाती है। अर्थात हर बार जांच कराने, पुराने उपचार के पर्चे आदि लेकर जाने की आवश्यकता नहीं रहती है।
आभा आई. डी. की लिंक से सभी सरकारी और निजी अस्पतालों सहित अस्पतालों से संबंधित स्वास्थ्य सेवा प्रदाता आदि सभी की जानकारी सॉफ्टवेयर में अपलोड की जा रही है ताकि किसी को भी बीमार होने पर पुराने उपचार एवं बी. पी. शुगर अथवा पूर्व में कराए गए ऑपरेशन/सर्जरी की पूरी जानकारी ऑनलाईन मिल सकेगी। वर्तमान में रतलाम जिले में 2 लाख 98 हजार 187 लोगों की आभा आई. डी. जनरेट करके आई. डी. नंबर प्रदान किए जा चुके हैं। आभा आई. डी. बनवाने के लिए नजदीकि शासकीय अस्पताल, अपने क्षेत्र की आशा, ए.एन.एम. से संपर्क करके पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है । स्वास्थ्य मेलों के दौरान सीएमएचओ डॉ. आनंद चंदेलकर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील, एपिडेमियोलाजिस्ट डॉ. गौरव बोरीवाल, मीडिया अधिकारी श्री आशीष चौरसिया, डीपीएम डॉ. अजहर अली, बीएमओ डॉ. शंकरलाल खराडी सहित विभिन्न अधिकारी कर्मचारियों द्वारा मेलों की मॉनिटरिंग कर दिशा निर्देश दिए गए ।