कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने किया निरीक्षण

रतलाम 08 अक्टूबर 2023। विधानसभा निर्वाचन 2023 के दृष्टिगत तैनात किए जाने वाले मतदान दलों के प्रशिक्षण का सिलसिला जिले में प्रारंभ हो चुका है। रतलाम के पब्लिक स्कूल में रविवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण आरंभ हुआ। 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस प्रथम चरण के प्रशिक्षण में लगभग 3 हजार पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी क्रमांक एक प्रशिक्षित किए जाएंगे । प्रथम दिवस लगभग 1 हजार कार्मिकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के निरीक्षण हेतु स्कूल पहुंचे, विभिन्न कक्षो में पहुंचकर प्रशिक्षण कार्य का जायजा लिया। प्रशिक्षकों एवं कार्मिकों से चर्चा की । इस दौरान नोडल अधिकारी डॉ. वाय. के. मिश्रा मास्टर ट्रेनर डॉ. सुरेश कटारिया, डॉ. रियाज मंसूरी आदि उपस्थित थे।
उल्लेखनीय कि रतलाम जिले में विधानसभा निर्वाचन के लिए मतदान केन्द्रों पर लगभग 6 हजार कार्मिक तैनात किए जाएंगे। इनमें रिजर्व दल सम्मिलित है । जिला मुख्यालय पर आयोजित किए जा रहे प्रथम चरण के प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी क्रमांक 1 सम्मिलित किए गए हैं । स्कूल के 18 कक्षों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है । जिले की पांचो विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों पर तैनात किए जाने वाले पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारी क्रमांक 1 को डॉ. सी.एल. शर्मा, डॉ. दिनेश जाधव, प्राध्यापक डॉ. अनिल जैन, डॉ. सुरेश चौहान, डॉ. आरती पाटीदार, डॉ. अशोक राव, डॉ. बी.एस. किराडे, डॉ. सी.एम. मेहता, डॉ. संजय सिंह सोलंकी, डॉ. गणेश राठौड़ द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है । प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा ईवीएम मशीन के संचालन तथा अन्य निर्वाचन प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।