

जावरा (अभय सुराणा) बटालियन रोड स्थित पुलिस काॅलोनी, जावरा में इस समय गंदगी से परेशानी है। पुलिस काॅलोनी में बने क्वार्टर के पीछे वर्षों पुरानी बनी नालियां जाम होने से गंदगी फैल रही है। यहां तक कि ड्रेनेज होद तक खुले पड़े होकर उसका गंदा पानी फैल रहा है, जिससे भारी बदबू फैल रही है। पुलिस काॅलोनीवासियों ने बताया कि कई बार इस बारे में नगरपालिका के जिम्मेदारों को अवगत कराया गया पर कोई ध्यान नहीं देता है। पुलिस काॅलोनीवासी ने इस समय नरकीय जीवन जीने को मजबूर है, कोई ध्यान नहीं देता। जब-जब चुनाव नजदीक आते हैं तब तब यहां नेता प्रचार करते दिखाई देते हैं और काॅलोनीवासियों को साफ सफाई आदि का आश्वासन देते नजर आते है परन्तु चुनाव होते ही गधे के सिंग की तरह गायब हो जाते हैं। काॅलोनी में गंदगी के कारण सुअर, कुत्ते आदि जानवर मंडराते नजर आते हैं। पुलिस काॅलोनीवासियों ने बताया कि हम आम लोगों की तरह शासन का विरोध नहीं कर सकते हैं हम अनुशासन के विभाग में होने से अपनी बात को पुरजोर तरीके से नहीं रख पाते हैं। अब देखना यह है कि क्या नगरीय प्रशासन इस तरह के हालात देखकर कोई सुध लेगा ?