
रतलाम । बच्चों के चेहरे की खुशियां हमें आत्मिक सुकून देती है उनकी आशाओं को पूर्ण करना शिक्षकों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति का फर्ज बनता है । शिक्षा के साथ-साथ उनकी अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति करना समाज सेवी संस्थाओं का प्रमुख धर्म होना चाहिए तभी हम समाज सेवा के मूल अर्थ को समझ पाएंगे ।
उक्त विचार लायंस क्लब रतलाम गोल्ड द्वारा एकीकृत माध्यमिक विद्यालय गांधी नगर में विद्यार्थियों को ऊनी स्वेटर वितरित करते हुए रीजन चेयरपर्सन लाइन दिनेश शर्मा ने व्यक्त किए। आपने कहा कि लायंस क्लब इंटरनेशनल जैसी संस्थाएं समाज के हर वर्ग का ध्यान रखते हुए उनकी प्रत्येक आवश्यकताओं को पूर्ण करने में लगी हुई है। आरंभ में क्लब अध्यक्ष लायन सरोज ओझा ने स्वागत भाषण देते हुए क्लब की गतिविधियों पर प्रकाश डाला । आपने बताया कि शीत ऋतु में संस्था द्वारा विभिन्न संस्थाओं में स्वेटर वितरण किये जा रहे हैं । संस्था प्रधान दशरथ जोशी ने स्वागत भाषण देते हुए लायंस क्लब के पदाधिकारी का धन्यवाद ज्ञापित किया । इस अवसर पर रीजन सेक्रेटरी बीके जोशी, क्लब सचिव शुभांगी जोशी, आरती त्रिवेदी तथा संस्था के अन्य अध्यापक आदि उपस्थित थे । क्लब द्वारा 60 स्वेटर वितरित किए। संचालन दशरथ जोशी तथा आभार शुभांगी जोशी ने व्यक्त किया।