रतलाम-मेघनगर के विकास को मिलेगी गति
रतलाम/मेघनगर। क्षेत्र की विकास यात्रा को गति देने के लिए मेसर्स एसएमओ फेरो अलॉयज प्रालि. की दो नवीन इकाइयों के भूमिपूजन कार्यक्रम आज सुबह दस बजे से शुरू होंगे। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आदिवासी क्षेत्र मेघनगर व शिवगढ़ में लगने वाली इन इकाइयों का वर्चुअली भूमिपूजन करेंगे। संस्थान की जनरल मैनेजर प्रतिभा दुबे ने बताया कि मप्र. औद्योगिक विकास निगम द्वारा विकसित झाबुआ जिले के मेघनगर औद्योगिक क्षेत्र में एसएमओ फेरो अलॉयज प्रालि. की इकाई में 415 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। इस इकाई के माध्यम से 200 लोगों को रोज़गार प्राप्त होगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम अद्यम मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया तथा रतलाम-झाबुआ क्षेत्र के सांसद श्री गुमानसिंह डामोर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। संबंधित कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सैयद अख़्तर अली के मार्गदर्शन में होने जा रहे इस महती कार्यक्रम में इलाके के गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे।
ग़ौरतलब है कि संस्थान द्वारा रतलाम ज़िले की सैलाना तहसील के शिवगढ़ में भी एक इकाई डाली जा रही है। उसका भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्चुअली किया जाएगा। इस इकाई की लागत 200 करोड़ रुपए हैं, जिससे 150 लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा।