कलेक्टर श्री बाथम ने सहकारी समितियों के प्रबंधकों की बैठक में दिए निर्देश

रतलाम 07 जून 2024। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रतलाम के अंतर्गत शाखा प्रबंधक एवं संस्था प्रबंधक सुनिश्चित करें कि शासन के निर्देश अनुसार आगामी 15 जून तक जिले की समस्त 103 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां कंप्यूटराइज्ड हो जाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री राजेश बाथम ने शुक्रवार को बैठक में दिए। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक श्री आलोक जैन, उपायुक्त सहकारिता श्री आर.के. सिंह, सहकारी बैंक शाखाओं तथा सहकारी समितियों के प्रबंधकगण बैठक में मौजूद थे।
शासन के निर्देशानुसार जिले की सभी प्राथमिक कृषि, साख सहकारी समितियों का कंप्यूटराइजेशन कार्य प्रगति पर है, अब तक 25 समितियों का कंप्यूटराइजेशन किया जा चुका है। कलेक्टर द्वारा कृषि ऋण वसूली की समीक्षा की गई। बताया गया कृषि ऋण मांग 85288.96 करोड़ के विरुद्ध अब तक 5188.66 करोड ऋण राशि की वसूली की जा चुकी है। कलेक्टर ने अब तक हुई वसूली पर असंतोष जताया, कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। आगामी 30 जून तक 84 प्रतिशत वसूली लक्ष्य निर्धारित कर अनिवार्य रूप से पूर्ति के निर्देश कल्ोक्टर द्वारा दिए गए।
इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा खरीफ 2024 में अल्पकालिक फसल ऋण वितरण के लक्ष्य 469 करोड़ की पूर्ति अनिवार्य रूप से करने, किसानों को कृषि आदान वितरण समय पर करने एवं समितियों में कृषि आदानो का पर्याप्त भंडारण करने के निर्देश दिए गए। जानकारी में बताया गया कि वर्तमान में 5490 मेट्रिक टन यूरिया, 3575 मेट्रिक टन डीएपी, 3517 मेट्रिक टन एनपीके तथा 2652 मेट्रिक टन मात्रा में अन्य उर्वरक जिले की समितियों में भंडारित है। किसानों से अनुरोध किया गया है कि समय पर समितियों से खाद प्राप्त कर भंडारण कर ल्ोवें जिससे समय पर फसल बोवनी हो सके। समितियां भी निरंतर भंडारण कर किसानों को सतत रूप से खाद उपलब्ध करवाएं। कलेक्टर श्री बाथम द्वारा समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि किसानों को खाद एवं कृषि आदान की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या नहीं आए।
बैठक में बताया गया कि ब्रिस्क योजना के अंतर्गत एक हजार से अधिक प्रकरणों में 27.31 करोड़ राशि वसूली के लिए आर.आर.सी. जारी कर दी गई है। बैंकों तथा समितियांं के बड़े बकायादारों से वसूली की जाएगी, इसके लिए कलेक्टर द्वारा शाखा प्रबंधकों को संबंधित तहसीलदारों से समन्वय रखने के निर्देश दिए गए।