
रतलाम 10 जून 2024। जिला प्रशिक्षण केंद्र विरियाखेडी पर सैलाना विकासखंड के कर्मचारियों की राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के संबंध में प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सीएमएचओ डॉक्टर आनंद चंदेलकर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम जैसे हाइपरटेंशन डायबिटीज एवं कैंसर रोगों की स्क्रीनिंग, आईडीएसपी अंतर्गत रिपोर्टिंग की समीक्षा, वृक्षारोपण कार्यक्रम, एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण के संबंध में विस्तार से समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले के सभी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर तथा एएनएम द्वारा किए जा रहे कार्यों का आंकड़े वार विश्लेषण किया तथा विश्लेषण के दौरान सुधारात्मक प्रगति लाने के निर्देश दिए। सीएमएचओ ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना एवं मुख्यमंत्री श्रमिक सेवा प्रसूति सहायता योजना अंतर्गत गर्भवती माताओं के समग्र आईडी की सही प्रविष्टि की जाए, गलत प्रविष्टि करने की दशा में संबंधित एएनएम के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के तुरंत निराकरण के लिए सभी एएनएम को अपने विकासखंड मुख्यालय से अपने क्षेत्र की प्रकरणों की जानकारी प्राप्त करके हितग्राहियों को सेवा प्रदान कर संतुष्टिपूर्वक समाधान किया जाना सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
दस्तक अभियान के अंतर्गत सभी गतिविधियों में प्रगति लाने हेतु 0 से 5 वर्ष आयु समूह के बच्चों का मैदान स्तर पर सर्वेक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा। बैठक के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर रवि दिवेकर एमसीडी के नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र जायसवाल, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी श्री आशीष कुमावत, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव बोरीवाल, एमईआईओ श्री आशीष चौरसिया, आईएचआईपी कंसलटेंट डॉ. नरेंद्र सालवी, बीसीएम रेखा गणावा आदि उपस्थित रहे।