रतलाम 8 अगस्त 2024। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शृंगार श्रीवास्तव ने ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा एक बैठक में की। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की विशेष रूप से बैठक में समीक्षा की गई इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन पीएम पोषण शक्ति योजना आजीविका मिशन पीएम कृषि सिंचाई योजना तथा अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
सीईओ श्री श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत अपूर्ण आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए पाया कि जिले में 3024 आवास अपूर्ण है, शाखा अधिकारी ने बताया कि कुछ हितग्राही बार-बार सूचित करने पर भी आवास का निर्माण पूरा नहीं कर रहे है, इसी प्रकार की जानकारी स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के संबंध में भी दी गई जहां कुछ हितग्राही अपना शौचालय निर्माण पूर्ण नहीं कर रहे हैं, श्री श्रीवास्तव ने निर्देशित किया कि जो हितग्राही बार-बार सूचित करने के बावजूद भी काम पूरा नहीं कर रहे हैं उनके नाम ग्राम पंचायत में चस्पा करें। जनपदों के कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने सहायक यांत्रियों क्लस्टर प्रभारी उपयंत्रियों को प्रत्येक हितग्राही के काम पूरा करवाने के लिए पाबंद करें।