जिले के महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उज्जैन का शैक्षणिक भ्रमण किया

रतलाम । जिले के तीन महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा उज्जैन का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश अनुसार अपनी विरासत संबंधी सांस्कृतिक चेतना विकसित करने, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा पुरातन वैज्ञानिक ज्ञान को बढ़ावा देने, बौद्धिक संपदा का लोकव्यापीकरण तथा साइंस टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए आयोजित उक्त भ्रमण में पीएम कॉलेज आफ एक्सीलेंस कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम के 79 विद्यार्थी शासकीय कन्या महाविद्यालय रतलाम की 26 छात्राएं तथा शासकीय महाविद्यालय रावटी के 12 विद्यार्थी सम्मिलित थे। भ्रमण दल को प्राचार्य डॉ वाय के मिश्र, प्राचार्य डॉ जूही वर्मा तथा प्राचार्य श्री सुरेश कटारिया द्वारा डॉ आकाश ताहिर के संयोजन में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था।
विद्यार्थी उज्जैन के विक्रम उद्योग पुरी स्थित सुधाकर पाइप प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में पहुंचे औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कंपनी में अतिरिक्त संचालक उज्जैन के आदेश अनुसार प्रभारी डॉ इंदर सिंह परमार तथा एमपीआरडीसी के प्रतिनिधि और कंपनी के सुपरवाइजर के नेतृत्व में पाइप निर्माण की संपूर्ण कार्य प्रणाली से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया अन्य जानकारी भी दी गई। इसी प्रकार विद्यार्थी उज्जैन के तारामंडल पहुंचे तथा ऑडिटोरियम में 3D तकनीक से निर्मित फिल्म का प्रदर्शन देखा गया। इसके पश्चात उज्जैन के जंतर मंतर का भ्रमण कर वैदिक घड़ी तथा जंतर मंतर के विभिन्न उपकरणों का ज्ञान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों के इस भ्रमण को डॉ ललिता मरमट, डॉ कविता ठाकुर, डॉ विजय सोनिया, डॉ हितेश सांखला, डॉ आनंद शिंदे, डॉ रोशनी रावत, डॉ विजेंद्र श्रीवास्तव, डॉ रिमश रिजवी, श्री राजेंद्र रावल, श्री नितेश शुक्ला, श्री शिरीष मेहरा, श्री हेमेंद्र शांडिल्य, श्री आदर्श शर्मा ने योगदान कर सफल बनाया।

Play sound