स्वच्छता का संदेश देने हेतु बनाई मानव श्रृंखला

  • पॉलीथीन का उपयोग ना करने हेतु आयोजित की विभिन्न गतिविधियां
  • खरीददारी हेतु कपड़े की थैली का उपयोग करने का किया आव्हान

रतलाम । 17 से 2 अक्टूबर तक चलाये जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार 19 सितम्बर गुरूवार को नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा सहायिका, नागरिक आदि ने शासकीय कन्या महाविद्यालय के तिराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया। निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट व स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति प्रभारी विशाल शर्मा ने उपस्थितों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मानव श्रृंखला बनाने के साथ ही संत मीरा कानवेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने दो बत्ती चौपाटी पर ढोल व स्वच्छता संदेशों से नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग ना करने की समझाईश दी। इस अवसर पर प्लास्टिक का दानव बनाकर नागरिकों को पॉलीथीन से होने वाले नुकसान से अवगत कराया।
एक महिला द्वारा खरीददारी करने हेतु कपड़े का थैली ले जाते पाये जाने पर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने उन्हे 100 रूपये की राशि से पुरस्कृत किया व नागरिकों से आव्हान किया कि वे भी खरीदारी करने हेतु अपने घर से कपड़े की थैली साथ लेकर जायें व इसे अपनी आदत में डालें जिससे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग खत्म हो ओर हमारा शहर पूर्णतः पॉलीथीन मुक्त होकर स्वच्छ रतलाम बन सकें।
इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री जी.के. जायसवाल, सहायक यंत्री अनवर कुरेशी, स्वास्थ्य अधिकारी ए.पी. सिंह, लेखाधिकारी विजय बालोद्रा, उपयंत्री मनीष तिवारी, ब्रजेश कुशवाह, विनोद पाटीदार, सिटी मैनेजर कपील मारोठिया सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।