जिले में जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो दवाई पिलाई जायेगी
खण्डवा | राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का प्रथम चरण 17 जनवरी 2021 को आयोजित होगा। इस अभियान के तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक आयु के सभी बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई जायेगी। पल्स पोलियो अभियान के सफल आयोजन के लिए जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे, सहायक कलेक्टर श्री श्रेयांश कुमट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने बताया कि अभियान के तहत 17 जनवरी को बूथ पर दवा पिलाई जायेगी। जबकि 18 व 19 जनवरी को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर पोलियो दवा पिलाई जायेगी। डॉ. चौहान ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत 3106 वेक्सिनेटर तैनात किए गए है। इस अभियान के लिए कुल 172 सुपरवाइजर तैनात किए गए है तथा कुल 44 मोबाइल टीम व 42 ट्रांजिस्ट टीम बनाई गई है। उन्होंने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के सभी ईट भट्टे, निर्माण स्थल, वन एवं पहुंच विहीनग्रामों को भी शामिल किया जायेगा। बैठक में उन्होंने बताया कि पल्स पोलियो अभियान वर्ष 1995 में प्रारंभ हुआ था। इस अभियान के प्रारंभ होने से देश में पोलियो के मामले अब देखने में नही आते। उन्होंने बताया कि 13 नवम्बर 2011 को हावड़ा में आखरी बार पोलियो का केस देखने में आया था। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इस बार पोलियो के बूथ पहले से अधिक बनाए जायेंगे।