
रतलाम । ग्राम जाबड़ा में नेत्रदान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। पाटीदार परिवार के सदस्य – जितेन्द्र पाटीदार, आराधना पाटीदार और साधना पाटीदार – ने अपने पिताजी रमेशचंद्र पाटीदार के निधन के बाद नेत्रदान की सहमति दी, जिससे दो नेत्रहीनों को दृष्टि प्राप्त होगी।
इस पुण्य कार्य की पहल समाजसेवी सुरेश पाटीदार ‘आदर्श’ और ईश्वरलाल पाटीदार ने की। नेत्रम संस्था के सदस्य हेमन्त मूणत के अनुसार, परिजनों की सहमति मिलने के बाद बड़नगर स्थित गीता भवन न्यास के ट्रस्टी एवं नेत्रदान प्रभारी डॉ. जीएल ददरवाल को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही डॉ. ददरवाल अपनी टीम के साथ ग्राम जाबड़ा पहुंचे और नेत्रदान की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया।
इस अवसर पर दशरथ पाटीदार, बंशीलाल पाटीदार, दिनेश पाटीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी (महिला एवं पुरुष) मौजूद थे। इस पहल ने पूरे क्षेत्र में नेत्रदान के प्रति जागरूकता और सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया है, जो भविष्य में अन्य लोगों को भी नेत्रदान के लिए प्रेरित करेगा। नेत्रम संस्था के सदस्य हेमन्त मूणत ने बताया कि जिले भर में अपने परिवार के सदस्य का निधन होने पर नेत्रदान हेतु नेत्रम परिवार के सदस्यों से संपर्क किया जा सकता है।