
रतलाम, 9 जून 2025 । रतलाम जिले के बाजना तहसील निवासी स्व. मांगीलाल चोरडिया के सुपुत्र सतीशचंद्र चोरडिया के असामयिक निधन के पश्चात उनके परिजनों ने एक सराहनीय और प्रेरणादायक निर्णय लेते हुए नेत्रदान (कॉर्निया डोनेशन) की सहमति प्रदान की।
इस मानवीय पहल में नेत्रम संस्था के दीपक तातेड़ (शिवगढ़), सुभाष तातेड़ और नितिन पोरवाल की भूमिका महत्वपूर्ण रही, जिन्होंने शोकाकुल परिवार को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। नेत्रम संस्था के हेमन्त मूणत ने बताया कि स्व. सतीशचंद्र चोरडिया के पुत्र अर्पण चोरडिया, पौत्र अक्षत चोरडिया और अन्य परिजनों की सहमति मिलने के पश्चात इस कार्य को आगे बढ़ाया गया।
रतलाम मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा को सूचना दिए जाने के पश्चात, उनके निर्देशन में नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. रिशेन्द्र सिसोदिया के नेतृत्व में डॉ. मृदुल जैन, नर्सिंग ऑफिसर विनोद कुशवाह तथा जीवन देवड़ा के सहयोग से नेत्र संग्रहण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की गई।
इस दौरान बाजना स्थित चोरडिया के निवास पर मेडिकल टीम को लाने-ले जाने की व्यवस्था नवनीत मेहता ने अपने निजी वाहन से की। इस पुनीत कार्य में शलभ अग्रवाल, सतीष नाहर, पूनमचंद चोरडिया, विमल कोठारी, विनोद पालरेचा, लक्ष्मीचंद जैन और मनोज नाहर की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
नेत्रम संस्था ने स्व. सतीशचंद्र चोरडिया के परिजनों के इस मानवीय निर्णय के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद दिया है। यह नेत्रदान दो लोगों को जीवनभर के लिए दृष्टि प्रदान करेगा और समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देगा।