रतलाम 8 जुलाई । सेवावीर परिवार द्वारा चलाए जा रहे “प्रति मंगलवार हनुमान चालीसा पाठ अभियान” का आगामी मंगलवार को 201वां आयोजन पूर्ण भक्ति और भव्यता के साथ किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर 201 श्रद्धालु जोड़ों द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ आयोजित किया जा रहा है।
यह आयोजन रतलाम शहर के चंपा विहार, सागोद रोड स्थित स्थल पर 8 जुलाई को सायं 7:00 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन का उद्देश्य समाज को धार्मिक चेतना से जोड़ते हुए सामूहिक साधना एवं सेवा भावना को सशक्त बनाना है।
सेवावीर परिवार द्वारा यह अभियान पिछले चार वर्षों से निरंतर चलाया जा रहा है, जिसमें हर मंगलवार को अलग-अलग मंदिरों में हनुमान चालीसा पाठ किया जाता है। उल्लेखनीय है कि अब तक किसी भी मंदिर को दोहराया नहीं गया है। यह अनूठी श्रृंखला रतलाम ही नहीं, देशभर में धार्मिक आयोजनों के क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत बन चुकी है। इस विशेष सुंदरकांड पाठ में सम्मिलित होने के लिए सभी समाजजनों को सादर आमंत्रित किया गया है। जो श्रद्धालु किसी कारणवश जोड़े के रूप में सम्मिलित नहीं हो पा रहे हैं, वे एकल रूप में भी सहभागी बन सकते हैं।
वेशभूषा हेतु आग्रह:
भक्त पुरुष – कुर्ता-पायजामा अथवा धोती-कुर्ता
मातृशक्ति – लाल, पीली अथवा केसरिया रंग की साड़ी या सलवार सूट
सेवावीर परिवार ने सभी श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि वे समय पर पधारें और इस सामूहिक साधना में सहभागी बनकर धर्म, सेवा और एकता के इस अभियान को सशक्त करें।