रतलाम । मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना संबल से ढेर सारे ऐसे परिवारों को मदद मिली है जो विपत्ति से ग्रस्त थे। इन परिवारों के मुखिया की अकस्मात दुर्घटनाओं में मृत्यु हो जाने अथवा किसी बीमारी से मृत्यु हो जाने की दशा में आर्थिक विपन्नता का शिकार हो गए। संबल योजना का लाभ रतलाम के समीप सालाखेड़ी की रहने वाली दुर्गाबाई को भी मिला है जिससे उसके परिवार को आर्थिक मुसीबत से उबरने में बहुत बड़ी मदद मिली है। दुर्गाबाई के पति रामप्रसाद मजदूरी करते थे, उनकी साल भर पूर्व बीमारी के कारण मृत्यु हो गई। परिवार की कमाई का एकमात्र सहारा चला गया, परिवार आर्थिक विपन्नताओं से घिर गया। ऐसे में अपने दो बच्चों के लालन-पालन के लिए दुर्गाबाई परेशान हो गई। जैसे-तैसे मजदूरी करके बच्चों को पाल रही थी। उनके दो बच्चे हैं, 12 वर्षीय बालक तथा 7 वर्षीय बालिका के साथ गुजर बसर में मुसीबत का सामना कर रही दुर्गा को संबल योजना से मदद मिली। उनके खाते में 2 लाख रूपए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा अंतरित किए गए हैं। दुर्गाबाई के चेहरे पर अब राहत की मुस्कान है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान को धन्यवाद देते हुए कहती है कि उनकी संबल योजना ने मेरे जैसे कई परेशान परिवारों में खुशियां आई है। मुझे योजना से 2 लाख रूपए की मदद मिली है इससे मै अपने बच्चों का लालन-पालन आसानी से कर सकूंगी, उनकी पढ़ाई लिखाई का बेहतर इंतजाम कर सकूंगी।