
रतलाम, 07 अगस्त। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अंतर्गत गोधरा–रतलाम खंड के महत्वपूर्ण ‘ए’ मार्ग पर स्थित लिमखेड़ा स्टेशन पर दिनांक 03 अगस्त, 2025 को क्योसन निर्मित सेंट्रलाइज़्ड इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली को सफलतापूर्वक कमीशन किया गया। इस नवीन एवं आधुनिक प्रणाली का प्रतिस्थापन 07 नवंबर 1996 से कार्यरत लगभग 30 साल पुरानी एवं ओवरएज्ड पैनल इंटरलॉकिंग प्रणाली के स्थान पर किया गया है। लिमखेड़ा रेलवे स्टेशन पर लगा पैनल इंटरलॉकिंग के स्थान पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का कार्य सफलता पूर्वक संपन्न हुआ तथा मंडल का इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग वाला लिमखेड़ा 82वॉं स्टेशन बन गया है।
लिमखेड़ा रेलवे स्टेशन पर इस कार्य के तहत इंडोर एवं आउटडोर सिग्नलिंग गियर्स की ओवरएज्ड इकाइयों का प्रतिस्थापन, नए इंजन साइडिंग तथा ट्रैक मशीन साइडिंग का प्रावधान, स्टेशन मास्टर कक्ष में 2×55 इंच वीडीयू (विजुअल डिस्प्ले यूनिट) को ड्यूअल कॉन्फ़िगरेशन मोड की सुविधा, कुल 4 रनिंग लाइनों की व्यवस्था तथा कुल 18 सिग्नल्स लगाए जाने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से संबंधित अन्य कार्य भी किये गये हैं। यह कार्य न केवल रतलाम मंडल के गोधरा-नागदा खंड पर ट्रेनों के संचालन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक एवं स्मार्ट तकनीक-सम्पन्न बनाएगी, बल्कि रेल परिचालन में दक्षता और विश्वसनीयता भी सुनिश्चित करेगी।