प्रवर्तक श्री जिनेंद्रमुनिजी म. सा. के सानिध्य में श्रमण भगवान महावीर स्वामी जी का जन्म वाचन समारोह हुआ

रतलाम। आचार्यश्री उमेशमुनिजी म. सा. के सुशिष्य धर्मदास गणनायक प्रवर्तकश्री जिनेन्द्रमुनिजी म. सा. आदि ठाणा 9 व पुण्यपुंज साध्वी श्री पुण्यशीलाजी म. सा. आदि ठाणा 10 के सानिध्य में पर्युषण महापर्व में लक्कड़ पीठा डीपी परिसर में श्रावक- श्राविकाएं ज्ञान, दर्शन, चारित्र एवं तप की आराधना उत्साहपूर्वक कर रहे है। पर्व के दौरान आराधकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। पर्व की आराधना करने हेतु मध्यप्रदेश के अलावा विभिन्न प्रांतों के श्रावक – श्राविकाएं भी यहां आराधना करने आए है।
अणु मित्र मंडल के सचिव सिद्धार्थ भरगट व उपाध्यक्ष परेश डोसी ने बताया कि प्रवर्तक श्रीजी, मुनि वृंद व साध्वी मंडल के सानिध्य में प्रतिदिन राईय प्रतिक्रमण, प्रार्थना, अंतगड़ सूत्र का वांचन, व्याख्यान, दोपहर में कल्पसूत्र का वांचन, प्रतियोगिता एवं ज्ञान चर्चा, शाम को देवसीय प्रतिक्रमण, चौवीसी, गुरु गुणगान, कल्याण मंदिर आदि विविध धर्माराधनाए हो रही है।प्रवर्तक श्री जिनेंद्रमुनिजी, मुनि मंडल एवं पुण्यपुंज साध्वीश्री पुण्यशीलाजी म. सा. व साध्वी मंडल प्रतिदिन विविध विषयों पर व्याख्यान दे रहे है। अंतगड़ दसा सूत्र का वांचन रत्नपुरी गौरव पूज्य श्री सुहासमुनिजी म.सा. द्वारा किया जा रहा है। यहां पर तपस्याओं की बहार आ गई है। श्रावक – श्राविकाएं पर्व में विशेष उत्साह के साथ तप आराधना कर रहे है। जिसमें बड़ी उम्र के साथ छोटे बच्चे भी शामिल है।
रविवार को दोपहर में डीपी परिसर पर श्रमण भगवान महावीर स्वामी जी का जन्म वाचन प्रवर्तक श्री जिनेंद्रमुनिजी म.सा. के सानिध्य में किया गया। बड़ी संख्या में श्रावक – श्राविकाओं ने जन्म वाचन श्रवण का लाभ लिया। सभी ने एक – दूसरे को जन्म वाचन की बधाई दी। प्रभु के जन्म वाचन को लेकर सभी आराधको में खासा उत्साह देखा गया।

Play sound